ईद पर डबल मर्डर से सनसनी: दो पक्षों में जमकर हुआ खूनी संघर्ष, मामूली कहासुनी और फिर कब्रिस्तान के पास…..
मृतक सईमुद्दीन और भूरा की फोटो / (क्रेडिट : सोशल मीडिया / एक्स)
ईद पर डबल मर्डर से सनसनी: दो पक्षों में जमकर हुआ खूनी संघर्ष, मामूली कहासुनी और फिर कब्रिस्तान के पास…..
मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव मेहरमती गणेशपुर में शनिवार रात ईद की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब जुआ खेलने के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का खुलकर इस्तेमाल किया गया, जिसमें ग्राम प्रधान सईदु के दो सगे भाइयों, सईमुद्दीन (48) और भूरा (38) की निर्मम हत्या कर दी गई.
घटना की शुरुआत गांव के ‘छोटा कब्रिस्तान’ के पास एक खेत में हुई. बताया जा रहा है कि यहां दो पक्ष जुआ खेल रहे थे. खेल के दौरान ही पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया. दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को बुला लिया और करीब 15 मिनट तक जमकर मारपीट हुई. इस संघर्ष में 5 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडेय और एसपी देहात अभिजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए तीन थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार, सुबह से ही घर में ईद का जश्न और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था, लेकिन शाम होते-होते छोटे से विवाद ने एक ही घर के दो चिराग बुझा दिए.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार हमलावरों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं. फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
यूपी: मेरठ के सरधना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद दो भाइयों की हत्या। भूरा और सैमुद्दीन के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। दोनों ग्राम प्रधान के भाई बताये जा रहे हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है। एफआईआर दर्ज है। गाव मेहरमती गनेशपुर में भारी… pic.twitter.com/1OOT6ZrPps
— Shahnawaz (News 24) (@Shahnawazreport) March 22, 2026
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया- “गांव महरमती गणेशपुर गांव में विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी. आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घायलों का उपचार कराया जा रहा है. पुलिस ने तीन हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की है. अन्य की तलाश में दो टीमों को लगाया गया है.”
Hindi Post Dot In
