बंद मकान से आ रही थी तेज बदबू, जब अंदर झांका तो उड़े होश
सांकेतिक तस्वीर (Meta AI)
बंद मकान से आ रही थी तेज बदबू, जब अंदर झांका तो उड़े होश
मेरठ (उत्तर प्रदेश) के प्रवेश विहार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बंद पड़े मकान की दूसरी मंजिल से दुर्गंध आने पर युवक का शव बरामद हुआ. शव बाथरूम के दरवाजे की खूंटी से लटका हुआ था और काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था. मृतक की उम्र लगभग 30–35 वर्ष बताई जा रही है लेकिन पहचान अब तक नहीं हो सकी है. घटना की सूचना पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, पुलिस टीम और फोरेंसिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
यह मामला मेडिकल थाना क्षेत्र का है जहां संजीव गुप्ता नामक व्यक्ति ने लगभग दो वर्ष पहले एक मकान बनवाया था. मकान बिक्री के लिए खाली रखा गया था और यहां कोई रहता नहीं था. संजीव जब गुरुवार को मकान पर पहुंचे तो उन्हें अचानक तेज गंध महसूस हुई. तलाश करने पर पता चला कि बदबू दूसरी मंजिल के कमरे से आ रही है. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए कमरे का लॉक तोड़ा गया. अंदर प्रवेश करने पर बाथरूम के दरवाजे पर युवक का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. साथ ही फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए.
एसपी सिटी ने बताया कि शव 10–15 दिन पुराना प्रतीत होता है. चूंकि मकान खाली था और दरवाजा अंदर से बंद मिला इसलिए प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या माना जा रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो पाएगी और आगे की कार्रवाई तय होगी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
