बसपा मुखिया मायावती की माता का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

Mayawati Mother
The Hindi Post

लखनऊ | बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की माता का शनिवार को निधन हो गया। मां के अंतिम दर्शन करने के लिए मायावती नई दिल्ली रवाना हो गई हैं। नई दिल्ली में स्वर्गीय रामरती देवी की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। मायावती की माता के निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने दु:ख जताया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि अति-दुख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती की पूज्य माता रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया है। कुदरत सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार मायावती के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर रविवार को किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

मायावती की माता रामरती देवी बेहद पारिवारिक महिला थीं। उन्होंने कड़ी मेहनत से बच्चों का पोषण किया। वह इतनी उम्र होने के बाद भी परिवार तथा बच्चों के बीच में ही रहना पसंद करती थीं। वह लम्बे समय से बीमार थीं और चार दिन पहले ही उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बसपा मुखिया मायावती के पिता प्रभुदयाल ने बीते वर्ष 19 नवंबर को अंतिम सांस ली थी। स्वर्गीय प्रभुदयाल का 95 वर्ष की आयु में निधन हुआ था।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बसपा मुखिया मायावती की माता के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि उ.प्र. की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की पूज्य माताजी श्रीमती रामरती जी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी दुख जताते हुए लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की माता रामरती जी का देहावसान, अत्यंत दुखद। दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!