बाइक सवार से बहस के बाद शख्स ने लोगों पर चढ़ाई कार, तीन घायल

car-grill-gc29f28e0e_640 Hyundai (1)

सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी गाड़ी से तीन लोगों को कुचल देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. एक मोटरसाइकिल सवार से बहस हो जाने के बाद युवक ने लोगों पर अपनी कार चढ़ा दी. इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई. लोग जान बचा के भागे.

यह घटना बुधवार को दिल्ली के अलीपुर इलाके में घटित हुई. आरोपी का नाम नितिन मान है. इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना के संबंध में बुधवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन आया था जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची थी.

उन्होंने कहा, “घटनास्थल (जो नेहरू एन्क्लेव इलाके में है) पहुंचने पर न तो शिकायतकर्ता और न ही कोई चश्मदीद मिला. मौके पर ही पता चला कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

अधिकारी ने कहा, “एक पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और इस घटना में घायल हुए तीन लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा की. घटना का चश्मदीद गवाह और शिकायतकर्ता राज कुमार का बयान दर्ज कर लिया गया है. राजकुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के बाहर खड़े थे. इस दौरान एक शख्स वहां पर हुंडई क्रेटा गाड़ी से पहुंचा. उसकी किसी बात को लेकर एक लड़के से बहस हो गई.”

अधिकारी ने कहा, “यह देखकर राज कुमार चालक की ओर बढ़ा और उसे शांत करने की कोशिश की. लेकिन आरोपी नितिन मान ने तेज रफ्तार से गाड़ी बढ़ा दी और तीन लोगों को कुचल दिया जिससे वो घायल हो गए.”

बयान के आधार पर अलीपुर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (तेजी से वाहन चलाना) और 337 (जान को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी चालक नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया है.

अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर, मुकदमे में आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) को जोड़ा गया है”.

ians

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!