बिग बॉस विनर Elvish Yadav से मांगी गई 1 करोड़ की रंगदारी, पुलिस ने की FIR दर्ज
File Photo | Social Media
बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. यादव से कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. गुजरात और गुरुग्राम (हरियाणा) पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चला के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इस शख्स की पहचान शाकिर मकरानी के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को उन्हें गुरुग्राम के वजीराबाद निवासी एल्विश यादव से एक लिखित शिकायत मिली, जिसमें कहा गया कि वह किसी काम से लंदन गए थे और 17 अक्टूबर को जब वह भारत लौटे तो उन्हें कई धमकी भरे मैसेज मिले. यह मैसेज उनके और उनके मैनेजर के मोबाइल फोन पर आए थे.
एल्विश यादव ने अपनी शिकायत में कहा, “मुझसे 1 करोड़ रुपये की मांग की गई है. पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है.”
इसके बाद पुलिस ने IPC की धारा 384 और 387 के तहत मामला दर्ज किया अपनी जांच में जुट गई.
गुजरात पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में, गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा प्रभारी, इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने गुजरात के वड नगर से संदिग्ध को पकड़ा. यह गिरफ्तारी गुरुवार को हुई.
ACP (क्राइम) वरुण दहिया ने बताया, “गिरफ्तार किए गए शख्स ने बताया कि वो एक एजेंट के तौर पर RTO में काम करता है. वो गुजरात में रहता है और वही काम करता है. उसने कहा कि उसने एल्विश यादव के वीडियो देखे थे. उसने बताया कि वो रातोंरात अमीर बनना चाहता था इसलिए उसने सबसे पहले एक SIM कार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खरीदा और फिर उसका प्रयोग करते हुए एल्विश यादव को धमकी भरे मैसेज भेजे.”
आरोपी के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
===================================================
