चलती ट्रेन में सह-यात्रियों को आग लगाने वाले शख्स की पहचान हुई

Kerala Incident

पुलिस द्वारा आरोपी का बनवाया गया स्केच (Image Via IANS)

The Hindi Post

तिरुवनंतपुरम | केरल पुलिस ने सोमवार को उस व्यक्ति की तस्वीर जारी की जिसने रविवार की रात चलती ट्रेन में आग लगा दी थी. इस घटना में कई लोगों की मौत की सूचना हैं. सूत्रों ने बताया कि इस शख्स की पहचान नोएडा निवासी शाहरुख सैफ के रूप में हुई है.

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को रेलवे ट्रैक के किनारे एक मोबाइल फोन पड़ा मिला. इस फोन के जरिए पुलिस को किसी के सोशल मीडिया अकाउंट अकाउंट को एक्सेस करने का मौका मिला. इससे पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली. फोन से सिम कार्ड निकल दिया गया था. इस फोन का इस्तेमाल आखिरी बार 30 मार्च को किया गया था.

घटना के बाद ट्रेन से कूदकर भाग गए सैफ के बारे में पता चला है कि वह कोझिकोड में मजदूरी करता हैं. शाहरुख नॉएडा का रहने वाला हैं.

पुलिस इस फोन में मिले कॉन्टेक्ट्स के माध्यम से शाहरुख तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं. अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस में आगजनी की इस घटना के दो घंटे बाद रविवार रात करीब 11.30 बजे सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा था. इसी CCTV फुटेज से संदिग्ध व्यक्ति का स्केच बनाया गया हैं.

सीसीटीवी के अलावा, ट्रेन में यात्रा कर रहे चश्मदीदों से संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई गई हैं.

इससे पहले दिन में, केरल के पुलिस प्रमुख अनिल कांत ने मीडिया को बताया था कि उन्हें महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और मामले का जल्द ही खुलासा हो जाएगा. बाद में बताया गया था कि एडीजीपी एमआर अजीतकुमार के नेतृत्व में इस मामले में जांच होगी.

इसी तरह, एनआईए जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों ने भी घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है.

रविवार की रात, अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस से कूदने वाले तीन यात्रियों को ट्रैक पर मृत पाया गया.
मरने वालों में एक दो साल का मासूम और उसकी चाची भी शामिल है. ऐसा माना जा रहा हैं कि दो वयस्क, बच्चे को लेकर ट्रेन से कूद गए थे. इससे उनकी जान चली गई.

सूत्रों के मुताबिक, जब ट्रेन रात करीब साढ़े नौ बजे कोझिकोड और कन्नूर के बीच कोरापुझा पुल को पार करने ही वाली थी, तब एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने यात्रियों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. आग से झुलसे नौ यात्रियों का कोझिकोड अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

चौंकाने वाली घटना के चश्मदीद यात्रियों ने कहा कि आग लगाने वाला शख्स लाल रंग की शर्ट पहने था. वह डी2 कंपार्टमेंट से डी1 कंपार्टमेंट में आया और आग लगा दी. घटना के बाद अन्य यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींच कर ट्रेन को रुकवा दिया. इसके बाद आरोपी ट्रेन से कूद गया और अंधेरे की आड़ में भाग निकला. आज सुबह सीसीटीवी फुटेज में आरोपी जहां ट्रेन से कूदा था, वहां से करीब 50 मीटर दूर एक बाइक पर सवार दिखा.

मौके से एक बैग और मोबाइल फोन बरामद हुआ है. बैग में एक जोड़ी कपड़े, चश्मा और पेट्रोल की बोतल भी मिली.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!