गणपति जुलूस में अंडे फेंकने से बवाल, सड़कों पर उतर आए 10-15 हजार लोग, आक्रोशित भीड़ बोली, “कार्रवाई नहीं हुई तो….”
फोटो: आईएएनएस
गणपति जुलूस में अंडे फेंकने से बवाल, सड़कों पर उतर आए 10-15 हजार लोग, आक्रोशित भीड़ बोली, “कार्रवाई नहीं हुई तो….”
मुंबई | दक्षिण मुंबई के मझगाव इलाके में रविवार रात गणपति बप्पा के आगमन जुलूस के दौरान विवाद हो गया. करीब चार घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा. इस दौरान 10 से 15 हजार लोग सड़कों पर आ गए थे. पुलिस की ओर से काफी समझा-बुझाकर उनको वहां से हटाया गया. सुबह तक शांति बहाल कर दी गई है. वहीं, इलाके और गणेश पंडाल के बाहर पुलिस की तैनाती कर दी गई है.
मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुंबई के भायखला पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 196 के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल (माझगावचा मोरया) के सदस्य की ओर से की गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है. माहौल तनावपूर्ण होने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अतिरिक्त बल को तैनात करना पड़ा.
भीड़ ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और कथित तौर पर उस इमारत पर पत्थर भी फेंके जहां से अंडे फेंके गए थे. माझगांवचा मोरया मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणे ने कहा, “जब हम गणपति आगमन जुलूस निकाल रहे थे, तो पंडाल से सिर्फ 30 से 40 मीटर की दूरी पर एक इमारत है. पंडाल के सामने वाली इमारत में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने जुलूस पर अंडे फेंकना शुरू कर दिया. यह घटना आपत्तिजनक है. हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.”
एक स्थानीय शख्स ने कहा, “अगर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो हम यहां हनुमान चालीसा बजाएंगे. क्या उनमें इसे सहने की हिम्मत है? अगर नहीं है, तो नीचे आकर बात करें.” दर्ज एफआईआर के मुताबिक, मंडल के सदस्य ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे के करीब गणेश उत्सव के लिए गणेश मूर्ति लाने के लिए लालबाग, भारतमाता सिनेमा गृह के पास, गणसंकुल, लालबाग, मुंबई में हमारे मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित मंडल के 150 से 200 महिला और पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे. दोपहर 3:30 बजे के आसपास गणसंकुल से हमारे मंडल की गणेश मूर्ति को ट्रॉली में लेकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर मार्ग से आगे ई.एस. पाटणवाला रोड होते हुए आगे दाहिनी ओर मुड़कर रामभाऊ भोगले मार्ग से आगे कॉन्टिनेंटल हाइट्स के सी विंग के सामने सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल, माझगाव जहां मंडप है, उस जगह पर जुलूस के साथ ले जा रहे थे.
इसी दौरान मंडल से कुछ दूरी पर कॉन्टिनेंटल हाइट्स सी विंग के सामने गणेश मूर्ति रोड पर मंडल के मंडप के पास बेंजो पथ के सामने रात 9.45 बजे के आसपास मंडल के कार्यकर्ता नाच रहे थे. उसी समय कॉन्टिनेंटल बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से से किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से अंडा फेंका गया. वह अंडा कार्यकर्ताओं के नाचने की जगह और श्री गणेश मूर्ति के बीच में गिरा था, जिससे हमारे हिंदू धर्म और धार्मिक श्रद्धा का अपमान कर हमारी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य और द्वेषपूर्ण इरादे से गणपति के आगमन जुलूस में अंडा फेंककर दो जातियों/धर्मों के बीच धार्मिक तनाव पैदा कर एकता बनाए रखने में बाधा डालने वाली ऐसी हरकत की गई.
BY IANS
महाराष्ट्र : गणपति बप्पा के आगमन जुलूस के दौरान बवाल; असामाजिक तत्वों पर अंडे फेंकने का आरोप
