मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज, कई दिग्गज होंगे शामिल

Azam Khan pays respect to late Mulayam Singh Yadav (1)

Photo: Twitter@Samajwadi Party

The Hindi Post

सैफई | समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर का आज अंतिम संस्कार होगा. यह संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में तीन बजे होगा.

सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह का निधन हो गया था. वो 82 वर्ष के थे. आज उनके अंतिम दर्शन करने के लिए कई दिग्गज पहुंच सकते हैं. सूत्रों की मानें तो पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के लिए सैफई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उनके आवास वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है. यादव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने वालों का तांता लगा हुआ है. उनके पैतृक घर सैफई में श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े है.

Photo: Twitter@Samajwadi Party
Photo: Twitter@Samajwadi Party

नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए हजारो की भीड़ उनके घर के बाहर खड़ी हैं। देर रात भी ऐसा ही हाल था. करीब पांच हजार लोग पहुंच गए थे. उनके पार्थिव शरीर मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा गया है ताकि लोग अंतिम विदाई दे सके. दोपहर तीन बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा.

देर रात मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन को इतनी भीड़ उमड़ी कि संभालना मुश्किल हो गया. लोगों के सब्र का बांध टूटता देख खुद प्रोफेसर राम गोपाल यादव, शिवपाल यादव, अखिलेश यादव और धर्मेद्र यादव आगे आए और लोगों को हाथ जोड़कर ढांढस बंधाया. लोग रो रहे थे. अखिलेश की भी आंखे नम थी.

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इटावा के सैफई में मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए थे. उन्होंने मुलायम के पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया और श्रद्धांजलि दी थी. उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह तथा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी आकर सपा नेता को श्रद्धांजलि दी थी.

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!