कुलगाम टेरर अटैक : CRPF की जांच चौकी पर ताबड़तोड़ फायरिंग का खौफनाक वीडियो आया सामने, VIDEO
(फोटो: आईएएनएस)
कुलगाम टेरर अटैक : CRPF की जांच चौकी पर ताबड़तोड़ फायरिंग का खौफनाक वीडियो आया सामने, VIDEO
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार (11 नवंबर) की दोपहर मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक जांच चौकी पर गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह हमला मीर बाजार के निकट दोपहर लगभग दो बजकर 15 मिनट पर हुआ। इस आतंकी हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोलियों की तड़तडाहट साफ-साफ सुनी जा सकती है।
एक सिक्योरिटी कैमरे में जो दृश्य कैद हुए हैं, उनमें दर्जनों गोलियां चलने की आवाजें रिकॉर्ड हुईं हैं। फुटेज में 15 सेकंड के अंदर करीब 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। इसके अगले एक मिनट के अंदर एक दर्जन और गोलियां चलने की आवाजें आती हैं। इस दौरान कैमरे के सामने कुछ टुकड़े या छोटे पत्थर भी गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
फुटेज की शुरुआत में केवल एक CRPF जवान दुकानों की एक कतार के सामने बैठा नजर आता है। जब गोलियों की आवाज आने लगती है, तब एक जवान को दौड़ते हुए फ्रेम में देखा जा सकता है। बाद में, दो जवानों को मशीन गन लिए हुए उस जगह की ओर वापस जाते देखा जा सकता हैं, जहां से गोलीबारी की आवाजें आ रही थीं। 2 मिनट लंबे इस फुटेज में कुछ लोगों के चिल्लाने और हमलावरों को ललकारने की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, 3 CRPF जवान घायल: घटना का CCTV फुटेज आया, बाइक सवार 30 राउंड फायर करके भागे
#kulgamattack #Terroristattack https://t.co/HCuAhZYuXE— Muskan Rohan (@MrsDeewan) November 11, 2026
इस हमले के बाद CRPF ने एक बयान में कहा, “यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई, जब हमलावरों ने CRPF जवानों पर गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में ले जाया गया है।” इसमें बताया गया है कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और गोलीबारी के बाद फरार हुए हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि एक जवान के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो अपेक्षाकृत मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गोली एक जवान की बांह में लगी, जबकि दूसरे के पैर में लगी है। घटनास्थल के वीडियो में घायल जवानों को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते और चिकित्साकर्मियों को उनकी मदद के लिए तेजी से पहुंचते देखा गया। हमले के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए। एंबुलेंस के सायरन बजने और लाउडस्पीकर से स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की अपील किए जाने के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए। घटनास्थल के पास बख्तरबंद वाहनों में सुरक्षा कर्मियों को भी देखा गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे, लेकिन वह हमले वाली जगह के निकट नहीं थे।
