हाई कोर्ट के जजों को मिली जान से मारने की धमकी, फोन करने वाले ने पाकिस्तानी बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहा

Karnataka High Court (1)

कर्नाटक हाई कोर्ट (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

कर्नाटक पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है जिसने उच्च न्यायालय के कार्यकारी और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को दुबई स्थित एक गिरोह द्वारा मरवाने की धमकी दी है.

पुलिस ने बताया कि एक शख्स ने फोन कर 50 लाख की फिरौती मांगी है. कॉल करने वाले शख्स ने पाकिस्तान के एक बैंक में इस रकम को जमा कराने के लिए कहा है. उसने धमकी दी है कि अगर फिरौती की रकम उस बैंक में जमा नहीं की गई तो वह जजों को मरवा देगा.

पुलिस ने कहा कि इस मामले में शिकायत 14 जुलाई को साइबर अपराध, आर्थिक अपराध और नारकोटिक्स (सीईएन) में दर्ज की गई थी.

पुलिस ने कहा कि कॉल हाईकोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) मुरली को किया गया था. इसके बाद कॉल करने वाले शख्स ने 12 जुलाई को शाम 7 बजे पीआरओ को एक WhatsApp मैसेज भी भेजा था जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान में ‘एबीएल एलाइड लिमिटेड’ (ABL Allied Limited) के खाते में 50 लाख रुपये जमा किए जाए.

कॉल करने वाले शख्स ने कहा था, ”अगर पैसे नहीं भेजे गए तो हाईकोर्ट के जजों को जान से मार दिया जाएगा.”

पुलिस ने कहा कि मैसेज में कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायधीशों मोहम्मद नवाज, एचटी नरेंद्र प्रसाद, अशोक जी निजगन्नावर, एचपी संदेश, के. नटराजन और बी. वीरप्पा के नाम शामिल है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने धमकी दी कि वह जजों को दुबई के एक गैंग के माध्यम से मरवा देगा और दावा किया कि गोली चलाने वाला एक भारतीय होगा.

पुलिस ने कहा कि सेंट्रल सीईएन पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 और आईपीसी की धारा 75, 66 (एफ) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!