पूर्व उपमुख्यमंत्री को भाजपा ने पार्टी से छह साल के लिए किया निलंबित

Suspended
The Hindi Post

बेंगलुरु | कर्नाटक से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी नेता केएस ईश्वरप्पा को पार्टी ने (बीजेपी) सोमवार को छह साल के लिए निलंबित कर दिया.

शिवमोग्गा लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन वापस नहीं लेने के ईश्वरप्पा के फैसले के बाद भाजपा की अनुशासन समिति द्वारा इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया. इस सीट से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र को टिकट दिया है.

बता दे कि ईश्वरप्पा, कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री है.

 शिवमोग्गा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने पर अड़े कर्नाटक भाजपा के बागी नेता केएस ईश्वरप्पा (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

शिवमोग्गा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने पर अड़े कर्नाटक भाजपा के बागी नेता केएस ईश्वरप्पा (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए ईश्वरप्पा ने कहा, ”मैं चुनाव जीतूंगा और भाजपा में लौटूंगा. पिता-पुत्र की जोड़ी शुरू से ही झूठ फैला रही है. येदियुरप्पा ने दावा किया था कि मैं शिवमोग्गा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होऊंगा पर मैं शामिल नहीं हुआ. बाद में उन्होंने दावा किया कि मैं नामांकन दाखिल नहीं करूंगा पर मैंने नामांकन दाखिल किया. मुझे कांग्रेस और जद-एस का समर्थन हासिल है.”

दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगारप्पा की बेटी गीता शिवराजकुमार इस बार कांग्रेस के टिकट पर शिवमोग्गा से चुनाव लड़ रही हैं. वह राज्य के शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा की बहन हैं, जबकि उनके पति कन्नड़ सुपरस्टार शिवराजकुमार हैं.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!