चुनावी रैली में हुई चाकूबाजी, तीन युवक घायल, एक ही हालत गंभीर
प्रतीकात्मक फोटो
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस यानि एनसी की चुनावी रैली में चाकूबाजी की घटना हुई. चाकू से हमला करने वाले ने तीन युवकों को घायल कर दिया.
यह घटना उस समय हुई जब नेशनल कांफ्रेंस के मुखिया और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पार्टी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे.
अधिकारियों ने कहा, “आज पुंछ जिले के मेंढर इलाके में नेशनल कांफ्रेंस की चुनावी रैली थी. इसमें पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला और अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार मियां अल्ताफ अहमद मौजूद थे. रैली के दौरान युवकों के दो समूहों के बीच हाथापाई हुई. इस घटना में चाकू लगने से तीन युवक घायल हो गए.”
अधिकारियों ने आगे बताया, “घायल युवकों को उपचार के लिए राजौरी शहर के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने मेंढर के रहने वाले सुहैल अहमद नामक युवक की हालत गंभीर बताई है. अस्पताल में भर्ती अन्य दो घायल युवकों की पहचान यासिर अहमद और इमरान अहमद के रूप में हुई है.”
ये दोनों घायल युवक – यासिर अहमद और इमरान अहमद – अस्पताल से भाग गए हैं. अधिकारियों ने कहा, “वे अज्ञात कारणों से अस्पताल से भाग गए. इस घटना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.”
अधिकारियों ने कहा, “इस घटना में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
इस बीच, स्थानीय लोगों ने मेंढर चौक में इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया हैं. अधिकारी प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं.
Reported By: IANS, Edited By: Hindi Post Web Desk
