मायावती ने कानपुर में हुई हिंसा को बताया पुलिस और खुफिया तंत्र की विफलता

Mayawati (1)

मायावती (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

लखनऊ | बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कानपुर में हुए बवाल पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की शहर में मौजूदगी के दौरान माहौल बिगाड़ने के प्रयास पुलिस और खुफिया तंत्र की विफलता है।

उधर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानपुर में हुई हिंसा के लिए भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। अखिलेश ने भी कानपुर हिंसा को पुलिस और इंटेलिजेंस की विफलता बताया है।

बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री जी के यूपी दौरे के दौरान ही कानपुर में दंगा व हिंसा भड़कना अति-दु:खद, दुर्भाग्यपूर्ण व चिन्ताजनक तथा पुलिस खुफिया तंत्र की भी विफलता का द्योतक है। सरकार को समझना होगा कि शान्ति व्यवस्था के अभाव में प्रदेश में निवेश व यहां का विकास कैसे संभव?

मायावती ने कहा कि सरकार इस घटना की धर्म, जाति व दलगत राजनीति से ऊपर उठकर स्वतंत्र व निष्पक्ष उच्च-स्तरीय जाँच कराकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे ताकि ऐसी घटना आगे न हो। साथ ही, लोगों से शान्ति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तेजक भाषणों आदि से बचने की भी अपील की है।

ज्ञात हो कि भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैंगबर साहब पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद शुक्रवार दोपहर नमाज के बाद नई सड़क पर प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ। पथराव कर कई गाड़ियां तोड़ दी गई और फायरिंग के साथ बमबाजी भी हुई। पथराव में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना पर डीएम और संयुक्त पुलिस आयुक्त समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंचा और पैदल मार्च करते हुए लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!