18 साल पुराने दोस्त का मर्डर करने के लिए बुर्का पहन कर पहुंचा शख्स, फिर दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने खोला मर्डर केस

Man murders friend in burqa Kanpur (1)
The Hindi Post

18 साल पुराने दोस्त का मर्डर करने के लिए बुर्का पहन कर पहुंचा शख्स, फिर दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने खोला मर्डर केस

 

कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘डाटा एक्सपर्ट’ फ्रेंचाइजी के संचालक प्रकाश चंद्र गुप्ता की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. प्रकाश की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनके 18 साल पुराने दोस्त मोहित द्विवेदी ने महज सोने की चेन और ब्रेसलेट के लालच में की थी. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी बुर्का पहनकर कोचिंग पहुंचा था. पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

आईपिएल मैच के कारण कोचिंग में रुके थे प्रकाश चंद्र गुप्ता
यशोदानगर निवासी 47 वर्षीय प्रकाश चंद्र गुप्ता पिछले 10 सालों से नवाबगंज के आजाद नगर स्थित प्रेमकुंज अपार्टमेंट में डाटा एक्सपर्ट कोचिंग चला रहे थे. उनके भाई विकास ने बताया कि बीते रविवार को प्रकाश ने फोन पर कहा था कि आईपीएल का फाइनल मैच होने के कारण वह रात में कोचिंग में ही रुकेंगे. सोमवार सुबह जब कोचिंग की शिक्षिका वहां पहुंची तो प्रकाश का शव जमीन पर पड़ा मिला. उनके नाक-मुंह से खून बह रहा था और आंख पर चोट के निशान थे. साथ ही उनका मोबाइल, सोने की चेन और ब्रेसलेट गायब थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण पुलिस पहले इसे हादसा मानकर चल रही थी.

खजुराहो ट्रिप पर जागी थी 10 लाख के सोने के चेन और ब्रेसलेट लूटने की इच्छा
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज में बुर्का पहने एक संदिग्ध युवती दिखाई दी. उसकी चाल-ढाल देखकर पुलिस को शक हुआ जिसके बाद नवाबगंज के रहने वाले मोहित द्विवेदी को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में मोहित ने कबूला कि मार्च 2026 में होली के समय वह प्रकाश और अन्य दोस्तों के साथ मध्य प्रदेश के खजुराहो ट्रिप पर गया था. वहां प्रकाश ने उसे अपनी करीब 10 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और ब्रेसलेट दिखाए थे. भारी-भरकम सोना देखकर मोहित की नीयत डोल गई और उसने ‘क्राइम पेट्रोल’ सीरियल देखकर हत्या की साजिश रच डाली.

पहना बुर्का, बदला रूप, पर मर्दाना चाल ने खोला राज
वारदात को अंजाम देने के लिए मोहित ने मेस्टन रोड से बुर्का, लेडीज चप्पल और लॉन्ग ग्लव्स खरीदे ताकि हाथ का कलावा भी छिप जाए. वह गूंगा बनने का नाटक करते हुए ऑटो चालकों को पर्ची दिखाकर कोचिंग पहुंचा था. उसका इरादा सिर्फ लूट का था लेकिन प्रकाश द्वारा विरोध करने और हाथापाई होने पर उसने (प्रकाश की) हत्या कर दी. आरोपी ने बचने की पूरी कोशिश की लेकिन सीसीटीवी कैमरों में उसकी मर्दाना चाल ने पुलिस का ध्यान खींच लिया. गहराई से जांच करने पर एक जगह वह कार में बुर्का उतारते हुए कैमरे में कैद हो गया जिसके बाद पुलिस ने कार नंबर के आधार पर उसे दबोच लिया.

पुलिस के मुताबिक, दोनों की 18 साल पुरानी दोस्ती थी और कभी दोनों एक ही अपार्टमेंट में ऊपर-नीचे कोचिंग चलाया करते थे. फिलहाल आरोपी के पास से लूटा गया माल बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!