26 वर्षीय अभिनेत्री ने किया सुसाइड, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सुसाइड नोट में लिखा…..

Tribute Shraddhanjali (1)
The Hindi Post

26 वर्षीय अभिनेत्री ने किया सुसाइड, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सुसाइड नोट में लिखा…..

 

बेंगलुरु | कन्नड़ और तमिल टीवी धारावाहिकों में काम कर पहचान बनाने वाली 26 वर्षीय टेलीविजन अभिनेत्री नंदिनी सी.एम. ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें नंदिनी ने लिखा कि परिवार द्वारा सरकारी नौकरी करने के दबाव ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया.

दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरु की डीसीपी अनिता हडन्नावर ने मंगलवार को बताया कि कन्नड़ अभिनेत्री नंदिनी का 29 दिसंबर (सोमवार) को तड़के करीब 3:45 बजे निधन हो गया. वह बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में स्थित इंस्टा लिविंग पीजी के कमरे नंबर 202 में खिड़की के फ्रेम से लटकी हुई मिली, वह यही रहती थी. उनकी मां जी.आर. बसवराजेश्वरी ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केंगेरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी की मौत को लेकर किसी पर भी कोई संदेह नहीं है.

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नंदिनी के पिता, जो एक सरकारी स्कूल में शिक्षक थे, का तीन साल पहले निधन हो गया था. उनके निधन के बाद परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर उन्हें वही नौकरी अपनाने के लिए दबाव डाला लेकिन नंदिनी शिक्षक के रूप में काम करने में इच्छुक नहीं थी.

शिकायत के अनुसार, नंदिनी ने अपनी डायरी में लिखा था कि वह सरकारी नौकरी नहीं करना चाहती थी और उनकी रूचि अभिनय करने में थी. उन्होंने यह भी लिखा था कि घर में उनकी बात कोई नहीं सुन रहा था जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थीं.

पुलिस के अनुसार, नंदिनी कुछ स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी परेशान थी. आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा था. इस मामले में केंगेरी पुलिस थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने बताया कि नंदिनी कर्नाटक के बल्लारी जिले के कोत्तूर की रहने वाली थी और लंबे समय से बेंगलुरु में रह रही थी. उन्होंने ‘जीवा होवागिदे’, ‘संघर्ष’, ‘मधुमगालु’ और ‘नीनादे ना’ जैसे लोकप्रिय कन्नड़ धारावाहिकों में सहायक भूमिकाएं निभाकर छोटे पर्दे पर पहचान बनाई थी. वह तमिल धारावाहिकों में भी काम कर रही थी और तमिल सीरियल ‘गौरी’ में उन्होंने कनका और दुर्गा की दोहरी भूमिका निभाई थी.

नंदिनी द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे की सही वजह का पता लगाया जा रहा है. पोस्टमार्टम परिक्षण के बाद उनका शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया.

मृतका की मां की शिकायत के अनुसार, नंदिनी ने 2018 में बल्लारी से पीयूसी की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के हेसरघट्टा स्थित आर.आर. इंस्टीट्यूट में बी.ई. कोर्स में दाखिला लिया था. हालांकि, अभिनय में गहरी रुचि होने के कारण वह नियमित रूप से कॉलेज नहीं जाती थी और इसके बजाय राजराजेश्वरी नगर में अभिनय का प्रशिक्षण ले रही थी. वर्ष 2019 से उन्होंने विभिन्न कन्नड़ टीवी धारावाहिकों में काम करना शुरू कर दिया और इसके साथ ही वह राजराजेश्वरी नगर में पीजी में रहने लगी थी.

अगस्त 2025 में नंदिनी केंगेरी के मायलसंद्रा इलाके में स्थित इंस्टा लिविंग पीजी में शिफ्ट हो गया थी और वही रह रही थी.

नंदिनी के पिता महाबलेश्वर एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे. वर्ष 2021 में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था. इसके बाद 2023 में नंदिनी को अनुकंपा के आधार पर तालुक कार्यालय में नौकरी की पेशकश की गई थी. हालांकि, उन्होंने यह कहते हुए नौकरी स्वीकार नहीं की कि उनकी रुचि अभिनय में है और वह अपनी शर्तों पर जीवन जीना चाहती हैं. इसी फैसले पर अडिग रहते हुए वह बेंगलुरु आ गईं और पीजी में रहकर अभिनय के क्षेत्र में काम करती रही.

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!