देश के इस हिस्से में 46 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, स्कूलों का समय बदला गया

Heat Wave (1) (1)

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

रांची | झारखंड में गर्म हवा के थपेड़ों के बीच शनिवार को दो शहरों सरायकेला और बहरागोड़ा का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया.

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सर्वाधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. सरायकेला जिला मुख्यालय का तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया.

राज्य के 24 में से 13 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू जारी रहने की संभावना व्यक्त की है.

उच्च तापमान और लू को देखते हुए शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शनिवार को सभी कैटेगरी के स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है. शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि 22 अप्रैल सोमवार से केजी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से दिन के 11.30 बजे तक चलेंगी.

नवीं से ऊपर के कक्षाएं दिन के 12 बजे तक संचालित की जा सकेंगी. यह आदेश सभी सरकारी, गैर सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए समान रूप से लागू होगा.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!