जम्मू-कश्मीर : भारतीय क्षेत्र में घुस आया पाकिस्तानी ड्रोन… फिर

drone-g561497148_640

सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)

The Hindi Post

जम्मू | जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के भारतीय क्षेत्र में बुधवार को एक पाकिस्तानी ड्रोन घुस आया. इसको देखते ही भारतीय जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी. ड्रोन को निशाना बना के फायरिंग की गई.

रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आया था.

सूत्रों ने बताया, “सेना के सतर्क जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की और उसे पाकिस्तानी सीमा में वापस लौटना पड़ा.”

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 1 बजे ड्यूटी पर तैनात जवानों को ड्रोन की हरकत का पता चला. जवान पहले से ही सतर्क थे. उन्होंने तलाशी अभियान शुरू कर दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन से कोई हथियार या नशीले पदार्थ भारतीय सीमा में तो नहीं गिराए जा रहे हैं.

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को जारी रखने के लिए हथियार, ड्रग्स या नकदी गिराने के मकसद से पाकिस्तानी सेना ड्रोन्स का इस्तेमाल कर रही है.

वही बीएसएफ ने ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाने के लिए विशेष एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किया है. एक बार जब इनका पता चल जाता है तो तैनात जवान इन्हें तुरंत निष्क्रिय कर देते है.

बता दें कि अतीत में, जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ और हथियारों की आवाजाही के लिए सीमा पार सुरंगों का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन पिछले पांच वर्षों से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऐसी कोई सुरंग नहीं मिली है. अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा एक प्राकृतिक सीमा है और सीमा पार सुरंग बनाना आसान नहीं है.

जम्मू-कश्मीर में 740 किलोमीटर लंबी एलओसी और पाकिस्तान के साथ लगती 226 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है. भारतीय सेना जहां नियंत्रण रेखा की सुरक्षा करती है, वहीं बीएसएफ जम्मू संभाग के जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है.

 

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!