बच्चे ने महिला रिश्तेदार व नाबालिक भाई को आपत्तिजनक स्थिति में देखा, भाई ने की हत्या
प्रतीकात्मक फोटो
जैसलमेर (राजस्थान) पुलिस ने 10 साल के लड़के हरीशनाथ की हत्या का मामला सुलझा लिया है. पुलिस के अनुसार, इस बच्चे ने अपने 14 साल के भाई और 24 वर्षीय महिला रिश्तेदार को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. बदनामी के डर से हरिशनाथ की हत्या कर दी गई थी.
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है. वही मृतक के नाबालिक भाई को निरुद्ध किया है. अब दोनों को न्यायालय में पेश किया जायेगा.
पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर, भंवर सिंह नाथावत ने बताया कि 10 फरवरी को कैलाश नाथ, निवासी जिला जैसलमेर ने एक लिखित रिपोर्ट इस आशय की पेश की कि दिनांक 09 फरवरी की दोपहर में उनका बेटा हरिशनाथ, उम्र 10 साल, गायब हो गया. उसको बहुत ढूंढा गया पर वो कही नहीं मिला.

10 फरवरी को हरिशनाथ की लाश मिली.
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक ने अलग-अलग टीमों का गठन किया ताकि इस मामले को जल्दी खोला जा सके. पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यो एवं आसूचना संकलन तथा पूछताछ के आधार पर जांच प्रारम्भ की.
जांच के दौरान तागानाथ उर्फ तुगनाथ की पत्नी मीना को गिरफ्तार कर लिया गया. इसी दौरान मृतक के भाई को निरुद्ध किया गया. पुलिस के अनुसार, लड़के ने बताया कि उसने मीना के कहने पर अपने काका के लड़के हरिशनाथ को पहले जान से मार दिया और फिर उसकी लाश को पानी की टंकी में फेंक दिया.
पुलिस ने बताया की दोनों के बीच में अवैध संबंध थे और हरिशनाथ ने दोनों को साथ में देख लिया था. पुलिस ने कहा कि 14 वर्षीय नाबालिक ने बताया कि बदनामी के डर की वजह से हरिशनाथ का मर्डर किया.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
