नौगाम विस्फोट मामले में जम्मू-कश्मीर के डीजीपी का बड़ा बयान, क्या बताया….?
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नौगाम थाने में विस्फोट पर जानकारी देते जम्मू कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात / ( फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
नौगाम विस्फोट मामले में DGP का बड़ा बयान, बताई धमाके की वजह, कहा- “कोई….”
श्रीनगर | नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात हुए विस्फोट को जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने “दुर्भाग्यपूर्ण और आकस्मिक घटना” बताया है. उन्होंने इसके पीछे किसी आतंकी कनेक्शन की संभावना से इंकार किया है. उन्होंने कहा कि घटना के कारणों पर अन्य सभी थ्योरीज “अनावश्यक अटकलें” हैं.
DGP प्रभात ने यह बयान श्रीनगर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया.
“फरीदाबाद से बरामद विस्फोटक का सैंपलिंग कार्य चल रहा था”
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद से बरामद किए गए विस्फोटक पदार्थ को नौगाम पुलिस स्टेशन लाया गया था और उसे परिसर के भीतर खुले स्थान पर सुरक्षित तरीके से रख दिया गया था.
उन्होंने कहा, “बरामदगी की मात्रा अधिक होने के कारण विस्फोटक सामग्री की सैंपलिंग प्रक्रिया पिछले दो दिनों से चल रही थी. इसके बाद इन नमूनों को फोरेंसिक और केमिकल जांच के लिए भेजा जाना था.”
DGP ने यह भी बताया कि विस्फोटक सामग्री बहुत संवेदनशील है इसलिए इसे बेहद सावधानी के साथ संभाला जा रहा था.
शुक्रवार रात 11:20 बजे हुआ विस्फोट
उन्होंने आगे कहा, “दुर्भाग्यवश, शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे जब्त की गई सामग्री में आकस्मिक विस्फोट हो गया. इस घटना के कारणों पर किसी भी अन्य तरह की अटकलें लगाना अनावश्यक है.”
9 लोगों की मौत, जिनमें अधिकारी और तकनीकी टीम के सदस्य शामिल
DGP प्रभात ने बताया कि इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हुई है जिनमें स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) का एक कर्मी, दो राजस्व अधिकारी, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम के तीन सदस्य, क्राइम ब्रांच के दो फोटोग्राफर और एक स्थानीय दर्जी शामिल है.
पुलिस स्टेशन की इमारत ध्वस्त, आसपास के ढांचे भी क्षतिग्रस्त
उन्होंने पुष्टि की कि इस धमाके में नौगाम पुलिस स्टेशन की इमारत क्षतिग्रस्त हुई है और आसपास की इमारतों पर भी प्रभाव पड़ा हैं.
उन्होंने कहा, “इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस मृतकों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है.”
DGP ने सवाल नहीं लिए
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद DGP नलिन प्रभात ने मीडिया के किसी भी प्रश्न को नहीं लिया और अपनी बात कह कर प्रेस कांफ्रेंस को समाप्त कर दिया.
