पुणे के निवासी उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने शहर की सड़कों पर इजरायली झंडे के पोस्टर लगे हुए देखे. इनमें जूते के निशान भी छपे थे. पुणे की कई सड़कों पर इस तरह के पोस्टर चिपके थे. पुलिस ने मामले के संज्ञान में आने के बाद, इन पोस्टरों को हटा दिया है. शहर के चार थानों में इसे लेकर मामला दर्ज किया गया है.
पुणे के लश्कर, समर्थ, कोंढवा और खड़क पुलिस स्टेशनों में आईपीसी की धारा 153 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसावे देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, हमास-इजरायल संघर्ष की पृष्ठभूमि में शुक्रवार देर रात कुछ लोगों ने कथित तौर पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अनादर करने के इरादे से कोंढवा, भवानी पेठ, नाना पेठ और पुणे छावनी इलाकों में सड़कों पर इजरायल के झंडे के स्टिकर चिपका दिए थे.
जांच में सामने आया है कि इस पोस्टर कांड में 6 लोगों का हाथ है. पुलिस ने बताया कि 6 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. 6 आरोपियों में से 3 को हिरासत में लिया गया है.
बता दे कि बीते 7 अक्टूबर से इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है. 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हजारों रॉकेट दागे थे. हमास के लड़ाकों ने सीमावर्ती इलाकों में घुसकर इजरायली सैनिकों और आम लोगों पर हमला भी किया था. इन हमलों में अब तक 1400 लोग मारे गए हैं. वहीं, इन हमलों के जवाब में इजरायल गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है. इन हमलों में अब तक 4600 लोगों के मारे जाने की खबर है. वहीं, 14 हजार से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं.