मौत से पहले हो चुका था ‘धोखे का शक’ ! केतन ने अपनी हत्या से पहले पिता से 3 बार पूछा था यह सवाल
फोटो: आईएएनएस
मौत से पहले हो चुका था ‘धोखे का शक’ ! केतन ने अपनी हत्या से पहले पिता से 3 बार पूछा था यह सवाल
पुणे | केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में अब यह बात सामने आई है कि पीड़ित ने अपने पिता से मंगेतर सिया गोयल के बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के बारे में पूछा था. उसे शक था कि सिया का अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ अफेयर है क्योंकि वह अक्सर उसका जिक्र करती थी.
आईएएनएस को मिली एफआईआर की कॉपी में दर्ज केतन के पिता विशाल अग्रवाल के बयान के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच एक कॉमन कड़ी थी- ‘नरेंद्र मित्तल’. मित्तल ही सिया की शादी का रिश्ता उनके परिवार के पास लाए थे और कहा था कि सिया उनके जीजा की बेटी है.
पहले खबर आई थी कि गोयल और अग्रवाल परिवार आपस में रिश्तेदार थे.
दोनों परिवारों के बीच नरेंद्र मित्तल मुख्य कड़ी थे. नरेंद्र मित्तल की बहन की शादी प्रवीण गोयल से हुई थी. इसलिए वह सिया के मामा और विशाल अग्रवाल के कजिन (चचेरे भाई) लगते थे और दोनों परिवारों में उन्हें ‘अंकल’ माना जाता था.
पहले से मौजूद पारिवारिक रिश्ते की वजह से अग्रवाल परिवार इस रिश्ते के लिए मान गया था. सिया से मिलने के बाद उन्हें वो पसंद आई थी और फरवरी में पुणे में सगाई की रस्म हुई थी.
कथित हत्या की जांच से पता चला है कि सगाई के कुछ समय बाद ही केतन ने अपने पिता से पूछा था कि क्या उन्होंने सिया गोयल के बैकग्राउंड की ठीक से जांच की है. केतन को भरोसा दिलाया गया कि नरेंद्र मित्तल ने सब कुछ चेक कर लिया है और चिंता की कोई बात नहीं है. सूत्रों के मुताबिक, केतन ने पिता के भरोसे को मान लिया था और चुप रहने का फैसला किया था.
बाद में जब परिवार मुंबई एयरपोर्ट से प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया जाने की तैयारी कर रहा था तो केतन का पासपोर्ट खो गया था. इस घटना के बाद केतन ने फिर से अपने पिता से सिया के बारे में सवाल किया था. सूत्रों के मुताबिक, केतन ने उनसे कहा था कि सिया छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़ा करती है और पूछा कि क्या सच में उसके बैकग्राउंड की जांच की गई थी.
एक बार फिर परिवार ने केतन को भरोसा दिलाया था कि सब ठीक है.
केतन ने तीसरी बार अपनी चिंता तब जताई थी जब वे मई के महीने में लोहागढ़ किले से लौटे थे.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि केतन ने एक बार फिर अपने पिता से पूछा था कि क्या उन्हें पक्का यकीन है कि सिया के बैकग्राउंड की ठीक से जांच की गई थी. केतन ने कहा था कि जब भी वह सिया को फोन करता था तो उसका फोन अक्सर बिजी रहता था.
केतन ने यह भी बताया था कि जब वह उसके साथ होती थी तब भी अक्सर चेतन चौधरी के बारे में बात करती थी. उसने फिर से अपने पिता से पूछा था, “क्या सिया का किसी के साथ अफेयर चल रहा है?” विशाल अग्रवाल ने तीसरी बार अपने बेटे को भरोसा दिलाया था कि सिया उनके बड़े परिवार का ही हिस्सा है और नरेंद्र मित्तल के जरिए सब कुछ ठीक से वेरिफाई कर लिया गया है. इसलिए उसे चिंता करने की जरूरत नहीं है.
IANS
‘क्या सिया का कोई अफेयर चल रहा है?’ केतन ने पिता से पूछा और बार-बार उसके बैकग्राउंड वेरिफिकेशन पर सवाल उठाए
