गंभीर हालत के दावों के बीच ईरान ने जारी किया मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो, किस हाल में दिखे सुप्रीम लीडर ?
फोटो: आईएएनएस
गंभीर सेहत के दावों के बीच ईरान ने जारी किया मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो, किस हाल में दिखे ?
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है. इसी दौरान ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने उनका एक नया वीडियो जारी किया है जिसमें वह कुछ लोगों के साथ चर्चा करते दिख रहे हैं. हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब ‘जेरुशलम पोस्ट’ और ‘ईरान वायर’ द्वारा प्रकाशित रिपोर्टों में दावा किया गया है कि मोजतबा की हालत अत्यंत गंभीर है और वह किसी अज्ञात स्थान पर हैं. शीर्ष अधिकारियों के बीच भी उनके स्वास्थ्य को लेकर संशय बना हुआ है.
ईरान ने स्वास्थ्य संबंधी खबरों के बीच मोजतबा खामेनेई का वीडियो जारी किया
ईरान ने सर्वोच्च नेता से जुड़े स्वास्थ्य और उनके ठिकाने को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो जारी किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि खामेनेई… pic.twitter.com/0CFvoIY7fJ
— Veer Arjun (@VeerArjunDainik) August 9, 2026
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसके पुराने होने का दावा किया जाने लगा. ‘यूनाइटेड अगेंस्ट न्यूक्लियर ईरान’ (UANI) के पॉलिसी डायरेक्टर जेसन ब्रोड्स्की ने कहा कि यह फुटेज मार्च के महीने का है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, “यह फुटेज पुराना है, युद्ध से पहले का है. यह सबसे पहले मार्च में सामने आया था. इससे पता चलता है कि ईरान की सरकार के मेहर न्यूज को मोजतबा का पुराना वीडियो फैलाने की जरूरत महसूस हो रही है.”
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया था. माना जा रहा है कि मोजतबा भी उसी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पद संभालने और जुलाई में अपने पिता के अंतिम संस्कार के दौरान भी वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे जिससे उनकी स्थिति को लेकर संशय और गहरा गया है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
