आईपीएल के 19वें सीजन में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी; बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला
(फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
आईपीएल के 19वें सीजन में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी; बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला
आईपीएल के 19वें सीजन (IPL 2026) के आगाज से ठीक पहले बीसीसीआई (BCCI) ने एक बड़ा और भावुक फैसला लिया है. 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले उद्घाटन मैच से पहले इस बार ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी. बोर्ड ने यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में हुए एक दुखद हादसे के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए लिया है.
हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि
दरअसल, साल 2025 में आरसीबी की खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी. इस त्रासदी को याद करते हुए बीसीसीआई ने इस बार चमक-धमक वाले समारोह को रद्द कर दिया है. मैच शुरू होने से पहले उन 11 लोगों की याद में मौन रखा जाएगा और स्टेडियम में 11 सीटें स्थायी रूप से उनकी स्मृति में खाली छोड़ी जाएंगी.
खिताब बचाने उतरेगी आरसीबी
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीतने वाली आरसीबी इस बार जीत के साथ आगाज करना चाहेगी. बीसीसीआई के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है. इसे खेल जगत में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने वाला कदम माना जा रहा है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
