इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के टिकट महंगे, अब यात्रियों को देना होगा …..

Flight Aeroplane Deposit Photos AI (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - Deposit Photos)

The Hindi Post

इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के टिकट महंगे, अब यात्रियों को देना होगा …..

 

नई दिल्ली | भारत की अग्रणी विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच शुक्रवार को एक बड़ा निर्णय लिया. एयरलाइन ने घोषणा की है कि जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में आए अभूतपूर्व उछाल के कारण 14 मार्च 2026 से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा. यह अतिरिक्त शुल्क रूट की दूरी के आधार पर 425 रुपये से लेकर 2,300 रुपये तक होगा.

इंडिगो ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (IATA) के आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा क्षेत्रीय संकट के कारण ईंधन की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है. इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने एयरलाइन के परिचालन खर्च (Operational Cost) को काफी बढ़ा दिया है जिसकी भरपाई के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था. कंपनी ने अपने बयान में कहा कि यह शुल्क 14 मार्च से बुक होने वाली सभी टिकटों पर प्रभावी होगा.

उल्लेखनीय है कि इंडिगो से पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपने किरायों में फ्यूल सरचार्ज जोड़ने की घोषणा की थी. एयर इंडिया 12 मार्च से घरेलू उड़ानों और दक्षिण एशियाई गंतव्यों के लिए 399 रुपये प्रति टिकट का अतिरिक्त शुल्क वसूल रही है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय रूटों पर यह बोझ और भी अधिक है, पश्चिम एशिया के लिए 10 डॉलर, दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए 20 से 60 डॉलर और अफ्रीका जाने वाले यात्रियों को 30 से 90 डॉलर तक का अतिरिक्त भुगतान करना होगा.

विमानन क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों द्वारा लिया गया यह सामूहिक निर्णय इस ओर संकेत करता है कि मध्य पूर्व का संघर्ष अब सीधे तौर पर वैश्विक यात्रियों की जेब पर असर डालने लगा है. एयरलाइंस का तर्क है कि ईंधन की अस्थिर कीमतों के बीच परिचालन को व्यावहारिक बनाए रखने के लिए यह बोझ यात्रियों के साथ साझा करना उनकी मजबूरी बन गई है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!