भारतीय युवक रूस गए थे नौकरी करने पर अब लड़ना पड़ रहा युद्ध, इस पर मोदी सरकार ने दिया ये जवाब

SJaishankar_800x570

विदेश मंत्री एस. जयशंकर (फाइल फोटो)

The Hindi Post

रूस-यूक्रेन युद्ध में भारतीय नागरिकों को लड़ने के लिए मजबूर करने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि वह इस मामले से अवगत है. विदेश मंत्रालय ने रूस में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से उचित सावधानी बरतने को कहा है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने बयान में कहा, “हमने भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सावधानी बरतें और युद्ध से दूर रहे. भारतीय दूतावास ने रूसी अधिकारियों के साथ भी इस मुद्दे को उठाया है ताकि उनकी शीघ्र रिहाई हो सके.”

विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त में आई है जब बीते दिनों कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की भर्ती का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की भी मांग की. खड़गे ने चार भारतीय नागरिकों को छुड़ाने की अपील की. ये चारों रूस की प्राइवेट आर्मी के चंगुल में फंस गए है.

प्रियांक खड़गे ने बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “कर्नाटक और तेलंगाना के कई युवा वहां फंस गए थे. धोखे से इन युवाओं को वहां युद्ध में लड़ने के लिए भेजा गया था. लिहाजा भारत सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए. केंद्र सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप कर भारतीय युवकों की रिहाई की दिशा में अतिशीघ्र प्रयास करना चाहिए.”

कर्नाटक के तीन युवाओं को धोखे से रूस की निजी सेना में भर्ती किया गया था.

सैयद इलियास हुसैन को बीते दिनों रूस की सेना में धोखे से भर्ती कर लिया गया था. इसके बाद उनके पिता नवाज कलगी ने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप की मांग कर उनकी रिहाई का मार्ग प्रशस्त करने को अपील की थी.

उन्होंने कहा, “मेरा बेटा 18 दिसंबर 2023 को रूस गया था. उससे कहा गया था कि उसे वहां पर सिक्योरिटी हेल्पर की नौकरी दी जाएगी, लेकिन अब उससे युद्ध में हिस्सा लेने के लिए कहा जा रहा है. इससे पहले मेरा बेटा दुबई में काम करता था और वहां से रूस गया था.”

बता दे कि यह मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब कुछ युवकों ने वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई.

इस वीडियो में एक शख्स यह कह रहा था, “प्लीज हमारी मदद कीजिए. हम एक बड़े फ्रॉड का शिकार हो गए है.”

गौरतलब है कि एक एजेंट ने धोखे से इन युवाओं को यह कहकर रूस भेज दिया था कि इन्हें वहां पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दी जाएगी. लेकिन उन्हें जबरन रूसी सेना में भर्ती करवाया दिया गया.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!