क्या दाऊद इब्राहिम गंभीर हालत में कराची के अस्पताल में भर्ती है?, सोशल मीडिया पर लोगों का दावा – अंडरवर्ल्ड डॉन को दिया गया जहर

Dawood IANS

दाऊद इब्राहिम (फाइल फोटो/आईएएनएस)

The Hindi Post

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को जहर दिए जाने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. ऐसा दावा है कि दाऊद इब्राहिम कराची के एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है. यह भी दावा है कि उसको जहर दिया गया है. हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

इस खबर को लेकर पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काजमी ने भी यूट्यूब पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इसमें सोशल मीडिया पर चल रही इन चर्चाओं को जिक्र है. उन्होंने कहा, “यकीनन इन चीजों पर बातचीत न हो सके, इन चीजों पर कोई कुछ कह न सके, इस चीज को लेकर ये सारी सर्विसेज डाउन (पाकिस्तान में इंटरनेट डाउन का जिक्र कर रही है आरजू काजमी) की गई है.. एक इंकार यह भी है कि ऐसा न हो पर लग यह ही रहा है कि कुछ चल रहा है, वरना अचानक से इस खबर के आते ही – ट्विटर भी नहीं है, YouTube भी नहीं है और गूगल सर्विसेस पाकिस्तान में डाउन है. कोई काम नहीं कर सक रहा, कोई कम्युनिकेट नहीं कर पा रहा, कोई न्यूज नहीं दे पा रहा, किसी से बातचीत नहीं हो पा रही…”

वीडियो में देखिए आरजू काजमी ने आगे क्या कहा –

मुंबई और नई दिल्ली में पुलिस और खुफिया अधिकारियों ने अब तक इस मामले पर चुप्पी साध रखी है पर यह दावा किया है कि ऐसी रिपोर्ट्स (खबरें) समय-समय पर आती रहती है पर उनमें से ज्यादातर रिपोर्ट्स/खबरें कोरी अफवाह अफवाहें साबित होती है.

दाऊद के भाइयों ने महाराष्ट्र पुलिस को पूर्व में दिए अपने बयानों में बताया था कि दाऊद कराची में रहता है. वो वहां का स्थायी निवासी है. उन्होंने पुलिस को बताया था कि दाऊद कराची में एक आलीशान बंगले में रहता है और वहां हर समय कड़ी सुरक्षा होती है. पर दाऊद पिछले कुछ वर्षों से अवसाद से पीड़ित है.

बता दें कि दाऊद इब्राहिम कासकर का जन्म दिसंबर 1955 में महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में हुआ था. उसके पिता इब्राहिम कासकर पुलिस कांस्टेबल थे. बाद में दाऊद इब्राहिम का परिवार मुंबई के डोंगरी इलाके में बस गया था. 70 के दशक में दाऊद का नाम मुंबई के अंडरवर्ल्ड में तेजी से उभरने लगा था. पहले वो हाजी मस्तान गैंग में काम करता था. वहीं रहते रहते उसका प्रभाव बढ़ने लगा. उसके गैंग को लोग डी-कंपनी कहने लगे थे. वो उसका मुखिया माना जाता था.

1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट का मास्टर माइंड वही था. धमाको को अंजाम देने के बाद वो भारत छोड़कर दुबई भाग गया था. इसके बाद उसने पाकिस्तान में अपना ठिकाना बनाया. अब वो अपने परिवार के साथ वहीं रहता है. उसके खिलाफ भारत में आतंकी हमला, मर्डर, अपहरण, सुपारी हत्या, संगठित अपराध, ड्रग्स, हथियारों की तस्करी जैसे कई मामले दर्ज हैं. साल 2003 में उसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया गया था. साल 2011 में एफबीआई और फ़ोर्ब्स की एक लिस्ट में उसे दुनिया का तीसरा मोस्ट वांटेड भगोड़ा अपराधी बताया गया था.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!