मां ने अपने ही बच्चों को दिया जहर, सुलाया मौत की नींद, झकझोर देगी वजह…

muzaffar nagar 2
The Hindi Post

यूपी के मुजफ्फरनगर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया है. यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पांच साल से कम उम्र के दो बच्चों को जहर देकर मौत की नींद सुला दिया. महिला पर आरोप है कि उसने अपने पांच साल के बेटे और एक साल की बेटी को रसगुल्ले में जहर मिलाकर खिला दिया. दरअसल, महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी. वहीं प्रेमी बच्चों की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर रहा था. इस कारण महिला ने अपने बच्चों की जान ले ली.

यह घटना रुडकली तालाब अली गांव में भोपा पुलिस क्षेत्र अंतर्गत हुई है. पुलिस ने आरोपी महिला मुस्कान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, मुस्कान ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए यह बताया कि उसका अपने कजिन जुनैद से अफेयर है. जुनैद फिरोजाबाद (यूपी) का रहने वाला है. मुस्कान ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह जुनैद के साथ रहना चाहती थी पर उसके बच्चे उसकी इस राह में रोड़ा बन रहे थे. मुस्कान ने एक दुकान से अवैध तरीके से जहर खरीदा और उसको रसगुल्लों में मिलाकर अपने बच्चों को खिला दिया.

घटना के समय मुस्कान का पति वसीम चंडीगढ़ में था. वह वहां पर वेल्डर का काम करता है. मुस्कान बच्चों के साथ घर में अकेली थी. बुधवार दोपहर को दोनों बच्चों के शव चारपाई पर पड़े मिले थे. शुरूआत में मुस्कान ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया था. इसके बाद पुलिस को कुछ शक हुआ तो उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने पर जोर दिया.

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि जब मुस्कान से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने अपना अपराध कुबूल कर लिया. वहीं शवों के पोस्टमॉर्टम से इस बात की पुष्टि हुई कि बच्चों को जहर दिया गया है. मुस्कान के फोन की कॉल डिटेल्स भी चेक की गई जिसे यह पता चला कि वो जुनैद के संपर्क में थी.

पुलिस ने इस बात की भी पुष्टि की कि जुनैद का मुस्कान के घर पर आना जाना था, खासतौर पर जब उसका पति घर पर नहीं होता था.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) और 123 (आपराधिक साजिश) के तहत मुकदमा दर्ज कर मुस्कान को जेल भेज दिया है. वहीं जुनैद को गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है. फिलहाल वह भागा हुआ है.

बच्चों के पिता वसीम ने कहा, “मुझे कुछ भी नहीं पता. मैं काम के सिलसिले में चंड़ीगढ़ में था. मुझे बताया गया कि मेरे बच्चों की मौत हो गई है और मेरी पत्नी ने उन्हें जहर दिया है. अब वही बता सकती है कि उसने ऐसा क्यों किया. मैं अपने बच्चों के लिए न्याय चाहता हूं.”

 

Hindi Post Web Desk


The Hindi Post
error: Content is protected !!