टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद हार्दिक पंड्या ने दिया बड़ा बयान, बोले- “मुझमें अभी 10 ….”
(फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
अहमदाबाद | भारत ने न्यूजीलैंड को हरा के टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस मुकाबले में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 18 रन बनाने के अलावा 1 विकेट भी लिया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पंड्या ने सभी 9 मैच खेले जिसमें 27.12 की औसत के साथ 217 रन बनाए. इसके अलावा 9 विकेट भी हासिल किए.
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में भारत ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन ही बना सकी.
खिताबी जीत के बाद पंड्या ने कहा, “मुझमें अभी 10 साल का क्रिकेट बाकी है और मैं 10 और ICC खिताब जीतना चाहता हूं. यही मेरा लक्ष्य है.”
घरेलू मैदान पर जीत और खिताब बचाने पर पंड्या ने कहा, “यह काफी भावुक पल है. भारत में वर्ल्ड कप जीतना और लोगों का उत्साह देखना अद्भुत है. हमने इसके लिए बहुत मेहनत की है. कल से ही मुझे यकीन था कि हम चैंपियन बनने वाले हैं. मेरे मन में सिर्फ एक ही विश्वास था कि इसका कोई दूसरा नतीजा नहीं होगा. हार का ख्याल भी नहीं आया. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं.”
हार्दिक पंड्या टी20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं. उस मुकाबले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध अंतिम ओवर फेंका था. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर अंतिम पलों में गेंद उनके हाथों में थी.
पंड्या ने कहा, “जब मैं इंग्लैंड के खिलाफ 19वां ओवर फेंक रहा था तब मेरे दिमाग में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल चल रहा था. मैंने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा से भी कहा था कि जब बल्लेबाजी करने जाओ तो अच्छी यादों के बारे में सोचो.”
खिताबी मैच में संजू सैमसन (89) ने ईशान किशन (54) के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की साझेदारी की जिसने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. संजू सैमसन और किशन के बारे में पंड्या ने कहा, “यही जिंदगी सिखाती है. जब आप मेहनत करते हैं और दूसरों की खुशी में खुश रहना सीखते हैं तो भगवान आपको मौके देता है. यह पूरे देश के लिए एक सीख है कि जब आप चुपचाप मेहनत करते रहते हैं तो भगवान आपको मौका जरूर देता है. मुझे उन पर बहुत गर्व है.”
