अब राज्य सभा में AAP के कितने सांसद बचे है ?, लोक सभा में पार्टी की क्या स्थिति ?

Arvind Kejriwal 2 (1)
The Hindi Post

अब राज्य सभा में AAP के कितने सांसद बचे है ?, कौन है वो नेता जो पार्टी से अभी भी जुड़े है ?

 

आम आदमी पार्टी (AAP) को शुक्रवार (24 अप्रैल) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा. दरअसल, AAP नेताओं राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया. तीनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से अधिक सांसद उनके साथ हैं और उन्होंने समूह के रूप में पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया है. इसके बाद सभी नेताओं ने भाजपा नेतृत्व से मुलाकात कर औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन कर ली.

राघव चड्ढा ने बताया कि पार्टी के अन्य सांसद—हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, राजेंद्र गुप्ता और स्वाति मालीवाल—भी AAP से अलग हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्यसभा में पार्टी के कुल 10 सांसद थे, जिनमें से सात अब पार्टी छोड़ चुके हैं. इस घटनाक्रम के बाद अब राज्यसभा में AAP के केवल तीन सांसद शेष रह गए हैं—संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और बलबीर सिंह सीचेवाल.

लोकसभा में AAP की स्थिति फिलहाल स्थिर है. पार्टी के तीन सांसद—गुरमीत सिंह मीत हेयर, राज कुमार चब्बेवाल और मलविंदर सिंह कांग—पंजाब से निर्वाचित होकर लोक सभा के सदस्य हैं. इस तरह संसद के दोनों सदनों को मिलाकर AAP के कुल छह सांसद रह गए हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राघव चड्ढा ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने वर्षों तक समर्पण के साथ मजबूत किया, वह अब अपने मूल सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक गई है. उनके मुताबिक, पार्टी अब जनहित से ज्यादा अपने स्वार्थों पर केंद्रित हो गई है.

गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाया गया था और उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त किया गया था. मित्तल भी बगावत करने वाले नेताओं में शामिल हैं. बता दे कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हाल में अशोक मित्तल से जुड़े प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की थी.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!