आम आदमी पार्टी सांसदों के पार्टी छोड़ने के एलान पर अरविन्द केजरीवाल ने दी पहली प्रतिक्रिया
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) को शुक्रवार को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत कई सांसदों के साथ पार्टी छोड़ दी. साथ ही उन्होंने घोषणा की वे भाजपा में शामिल होंगे. चड्डा के इस ऐलान पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है.
केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का (धोखा).
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भाजपा, अमित शाह ने ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाकर सांसदों को तोड़कर, पंजाब के साथ गद्दारी की है. सातों सांसदों को AAP और पंजाब की जनता ने प्यार और आशीर्वाद भी दिया. अब गद्दारी की सजा भी देगी.”
AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, “किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके चरित्र से होती है. झुकने और समझौता करने का विकल्प महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और अरविंद केजरीवाल के पास भी था. जितने भी महापुरुष हुए हैं, उन सबने लड़ना मंजूर किया और इसी से उनके चरित्र की पहचान होती है. भाजपा में शामिल होकर इन लोगों ने अपना चरित्र दिखाया है. पंजाब की जनता इनकी गद्दारी और धोखे का जवाब देगी. पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार शानदार काम कर रही है. सरकार के अच्छे कामों से घबराकर भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया है. ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर हमारे सांसदों को तोड़ा गया है.”
इससे पहले, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई हैं. इस दौरान राघव चड्ढा ने दावा किया कि राज्यसभा में AAP के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं. उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं.
