ममता शर्मसार: कलयुगी मां ने चॉकलेट का लालच देकर बेटे को भेजा मौत के मुंह में, प्रेमी ने मैसेज किया— ‘काम हो गया, टेंशन मत ले’
ममता शर्मसार: कलयुगी मां ने चॉकलेट का लालच देकर बेटे को भेजा मौत के मुंह में, प्रेमी ने मैसेज किया— ‘काम हो गया, टेंशन मत ले’
मेरठ | उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जिसने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है. यहां एक मां ने प्रेमी के साथ कथित तौर पर मिलकर अपने ही सात साल के मासूम बेटे (अंगदवीर) की बेरहमी से हत्या करा दी. पुलिस ने मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी मां गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हत्यारे प्रेमी अर्पित को पुलिस दो दिन पहले ही दबोच चुकी है.
‘अंकल चॉकलेट दिलाएंगे’ कह कर कार में बिठाया
पुलिस जांच में सामने आया कि रामराज (बहसूमा) के रहने वाले सात वर्षीय अंगदवीर ने अपनी मां गुरप्रीत को उसके प्रेमी अर्पित के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. गुरप्रीत को डर था कि उसका बेटा परिजनों के सामने इस अवैध संबंध का भंडाफोड़ कर देगा.
इसी राज को छुपाने और रास्ते से हटाने के लिए मां ने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची. घटना के दिन गुरप्रीत ने खुद अपने लाडले को यह कहकर प्रेमी अर्पित की कार में बिठाया कि “बेटा, अंकल तुझे चॉकलेट दिलाकर लाएंगे.” मां की बात पर भरोसा कर मासूम दौड़कर कार में बैठ गया. इसके बाद अर्पित ने बच्चे का अपहरण कर हस्तिनापुर के जंगलों में ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को वही फेंक दिया.
हत्या के बाद आया मैसेज: ‘काम हो गया, टेंशन मत ले’
पुलिस ने जब मुख्य आरोपी अर्पित और मां गुरप्रीत के मोबाइल फोन को खंगाला तो उनकी व्हाट्सएप चैट ने इस पूरे षड्यंत्र की परतें खोल दीं. बेटे की हत्या करने के बाद कसाई प्रेमी ने मां को मैसेज भेजा था— “काम हो गया, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले.” इसके कुछ ही देर बाद जब पुलिस जांच के लिए पहुंची तो गुरप्रीत ने प्रेमी को अलर्ट करते हुए मैसेज किया कि “पुलिस आ गई है.”
पूछताछ में आरोपी महिला ने कबूला कि उसका पति गुरसेवक सिंह सऊदी अरब में नौकरी करता है. वह उससे तलाक चाहती थी लेकिन पति के इनकार करने के बाद उसने प्रेमी अर्पित के साथ भागकर शादी करने की प्लानिंग की थी. दोनों ने तय किया था कि बच्चे की हत्या का मामला शांत होते ही वे फरार हो जाएंगे.
इस घटना के बाद मासूम की दादी बलजिंदर कौर का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बिलखते हुए कहा कि जिस मां ने नौ महीने कोख में रखा, उसी ने जान ले ली. मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने कहा कि ठोस डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
