यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

Accident on Yamuna Expressway
The Hindi Post

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर रबूपुरा थाना इलाके में बीती रात एक भीषण हादसा हुआ. इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. शुक्रवार रात करीब 1 बजे किसी अज्ञात वाहन ने इको वैन को टक्कर मार दी. इसके बाद वैन पलट गई और हादसा हो गया.

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 1 बजे नोएडा से जेवर की तरफ यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से 25 किलोमीटर के पास अज्ञात वाहन ने वैन को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर लगने के कारण वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. इसमें आठ लोग सवार थे. इनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए हैं. उनको जेवर के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने बताया कि इको वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. इनमें साउथ दिल्ली के थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र के मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी निवासी उपेंद्र (38), उनके भाई विजेंद्र (36), बिजेंद्र की पत्नी कांति देवी (30), बिजेंद्र की बेटी ज्योति (12) और सुरेश (45) की मोके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि हादसे में उपेन्द्र का बेटा सूरज (16), बिजेंद्र का बेटा आयुष (8) और बिजेंद्र का बेटा आर्यन (10) गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायत नामा भरकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है. वही अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. सूचना पर पहुंची रबूपुरा पुलिस ने शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा और घायलों को कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस के अनुसार हादसे में शिकार सभी लोग दिल्ली से झारखंड जा रहे थे.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!