इस शख्स के साथ नाबालिग बेटी को देख आगबबूला हुई मां, धड़ से अलग किया सिर और फिर….
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
नाबालिग बेटी को प्रेमी के साथ देखना मां को इतना नागवार गुजरा कि बेटी की सिर काटकर हत्या कर दी गई. हत्या में मां के साथ तीन ममेरे व एक मौसेरा भाई भी शामिल रहा. आरोपितों ने सिर गंगनहर में और धड़ रजवाहे में फेंक दिया. गुरुवार सुबह रजवाहे में सिर कटी लाश मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. शव के लोअर की जेब में मिली प्रेमी का पता लिखी पर्ची से पुलिस हत्यारोपितों तक पहुंची. पुलिस ने मां, तीन ममेरे व एक मौसेरे भाई को हिरासत में ले लिया है. सिर की तलाश की जा रही है.
रमेश सीआरपीएफ में हैं और उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ के बीजापुर में है. घर पर रमेश की पत्नी राकेश, बड़ी बेटी 17 वर्षीय आस्था व दो छोटे बेटे रहते हैं. आस्था इंटर में पढ़ती थी. दस माह पहले आस्था की फेसबुक पर बीए के छात्र अमन उर्फ गोलू से दोस्ती हुई. दोनों की वाट्सएप बातचीत भी शुरू हुई. इसके बाद दोनों मिलने लगे. 28 मई को राकेश अपनी ननद के यहां गई थी. इसी बीच अमन छात्रा के घर आ गया.
राकेश लौटी तो दोनों को एकसाथ देख लिया था. मां व रिश्तेदारों ने आस्था को युवक से न मिलने की हिदायत दी, जबकि आस्था अमन से शादी की जिद करने लगी. पुलिस ने बताया कि बुधवार को ममेरे भाई गुरदीप, मोनू व मनीष अपनी बुआ राकेश व आस्था को कार में लेकर अपने घर आ गए. इसके बाद आस्था का मौसेरा भाई विपिन भी पहुंच गया. इसके बाद राकेश, गुरदीप, मोनू, मनीष व विपिन ने मिलकर बलकटी से आस्था के सिर को धड़ से अलग कर दिया. धड़ को रजवाहे में फेंक दिया, जबकि सिर को गंगनहर में डाल दिया. पुलिस ने पांचों आरोपितों को हिरासत में लिया है.
