हेमंत सोरेन ने उठाया यह बड़ा कदम

Hemant Soren (3)
The Hindi Post

रांची | झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आज की रात रांची स्थित ED के दफ्तर में गुजरेगी. गिरफ्तारी के बाद उन्हें ED की टीम हिरासत में लेकर रात करीब दस बजे एयरपोर्ट रोड स्थित दफ्तर पहुंची. उन्हें गुरुवार को मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा, उसके बाद जेल भेजा जाएगा.

इस बीच सोरेन की ओर से बुधवार को ही झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट पिटिशन दायर कर ED की पूरी कार्रवाई को चुनौती दी गई है. हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए सुनवाई के लिए गुरुवार को साढ़े दस बजे का समय निर्धारित किया है.

हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस एस. चंद्रशेखर और जस्टिस अनुभा शंकर की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी. ED ने हेमंत सोरेन से पूछताछ के बाद शाम करीब पांच बजे ही सूचित कर दिया था कि वह उन्हें गिरफ्तार करने जा रही है. सोरेन के जवाब से संतुष्ट नहीं होने के बाद ED ने उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला किया. इसके बाद सोरेन ने CM पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया. उन्होंने ED की कस्टडी में ही राजभवन जाकर इस्तीफा सौंपा.

इसी के साथ झामुमो-कांग्रेस-राजद के सत्तारूढ़ गठबंधन ने चंपई सोरेन को अपना नया नेता चुनते हुए सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के समक्ष पेश किया. राज्यपाल ने फिलहाल इस दावे पर कोई निर्णय नहीं लिया है.

बता दें कि कथित जमीन घोटाले मामले में ED ने हेमंत सोरेन से आज दोपहर डेढ़ बजे उनके आवास पर जाकर पूछताछ शुरू की थी. ED ने उनसे नई दिल्ली में शांति निकेतन स्थित उनके आवास से बीते सोमवार को 36 लाख रुपये कैश, एक बीएमडब्ल्यू कार और दस्तावेजों के बारे में कई सवाल पूछे. सोरेन ने इस बात से इनकार किया कि कैश और कार उनकी है. इसके अलावा रांची के बड़गाईं अंचल की करीब चार एकड़ जमीन के स्वामित्व को लेकर पूछे गए सवालों पर सोरेन के जवाब से ED के अफसर संतुष्ट नहीं हुए.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!