IPS अफसर सुसाइड केस: अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वाई. पूरन कुमार के घर से बरामद हुई ये चीजें, पुलिस ने किया जब्त
आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की फाइल फोटो (आईएएनएस)
IPS अफसर सुसाइड केस: अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वाई. पूरन कुमार के घर से बरामद हुई ये चीजें, पुलिस ने किया जब्त
चंडीगढ़ | हरियाणा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) वाई. पूरन कुमार ने मंगलवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी. इस घटना में उनकी मौत हो गई.
कुमार के आवास से ‘वसीयत’ और एक ‘अंतिम नोट’ बरामद हुआ है.
पुलिस ने बताया कि पूरन कुमार ने कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली. उनकी बेटी को उनका शव बेसमेंट में मिला. हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
उनकी मौत से पुलिस और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है. चंडीगढ़ पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर जांच कर रहे है.
एसएसपी कंवरदीप कौर ने मीडिया को बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित मकान नंबर 116 से दोपहर करीब 1.30 बजे कथित आत्महत्या की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पूरन कुमार के रूप में हुई.
उन्होंने आगे कहा, “सीएफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर जानकारियां जुटाई. आगे की जांच जारी है.”
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है. मृतक की पत्नी अमनीत, विदेश सहयोग विभाग में आयुक्त एवं सचिव के पद पर तैनात हैं और उनके बुधवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के अनुसार, पूरन कुमार ने सोमवार को एक बंदूकधारी से बंदूक ली थी.
पिछले महीने, उन्हें रोहतक की सुनारिया जेल स्थानांतरित कर दिया गया था. इस जेल में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण के मामले में सजा काट रहा है.
इससे पहले, कुमार ने 1991, 1996, 1997 और 2005 बैच के कुछ आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति पर सवाल उठाए थे. पूरन कुमार इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थे. उनका जन्म 19 मई 1973 को हुआ था और उन्हें 31 मई, 2033 को सेवानिवृत्त होना था.
IANS
