बेटी के शव के साथ रहता रहा पिता, चार महीने पहले हुई उसकी मौत, अब मिला सिर्फ कंकाल, शव में बचे थे केवल पैर

Crime ChatGPT Image Jan 30, 2026, 09_21_03 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

बेटी के शव के साथ रहता रहा पिता, चार महीने पहले हुई उसकी मौत, अब मिला सिर्फ कंकाल, शव में बचे थे केवल पैर

 

मेरठ | उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद चौंकाने और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता अपनी बेटी के शव के साथ कई दिनों तक घर में रहे. सदर बाजार क्षेत्र के तेली मोहल्ले में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. जब मामले का खुलासा हुआ तब तक शव बुरी तरह सड़कर कंकाल में बदल चुका था और केवल पैर का कुछ हिस्सा ही शेष रह गया था.

जानकारी के अनुसार, 76 वर्षीय उदय भानु बिस्वास शिक्षा विभाग से 2010 में सेवानिवृत्त हुए थे. वह मेरठ के तेली मोहल्ले में अपने छोटे से मकान में 35 वर्षीय बेटी प्रियंका बिस्वास के साथ रहते थे. प्रियंका एक निजी शिक्षक थीं और कंप्यूटर विषय पढ़ाती थीं. उदय भानु की पत्नी शर्मिष्ठा का करीब 13 वर्ष पहले निधन हो गया था.

बताया जा रहा है कि 1 दिसंबर 2025 को प्रियंका की बीमारी के कारण मौत हो गई थी. आरोप है कि पिता उदय भानु ने इस घटना की जानकारी किसी को नहीं दी और शव को घर में ही रखा. शुरुआती कुछ दिनों तक वह शव के साथ उसी कमरे में रहे और दुर्गंध छिपाने के लिए उस पर लगातार परफ्यूम का छिड़काव करते रहे. बाद में उन्होंने घर में कूड़ा-करकट इकट्ठा कर शव को उसी के बीच छोड़ दिया और खुद हरिद्वार-देहरादून चले गए.

रिश्तेदारों को जब कई दिनों तक पिता-बेटी की कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की. उदय भानु ने फोन पर खुद को देहरादून में बताया और बेटी के बारे में कहा कि वह बीमार है और अस्पताल में भर्ती है. हालांकि, शुक्रवार शाम कुछ रिश्तेदारों को सूचना मिली कि उदय भानु मेरठ में ही देखा गया है. इसके बाद वे उसे पकड़कर घर ले आए.

घर में प्रवेश करते ही तेज दुर्गंध के कारण सभी लोग हैरान रह गए. एक कमरे में पहुंचने पर उन्होंने प्रियंका का सड़ा हुआ शव देखा जो लगभग कंकाल में बदल चुका था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस भी शव की हालत देखकर सन्न रह गई. पूरे घर में कूड़े का ढेर लगा हुआ था और बदबू असहनीय थी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और उदय भानु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. जांच में सामने आया कि वह घर के अंदर ही रह रहे थे और दुर्गंध छिपाने के लिए बड़ी मात्रा में परफ्यूम का इस्तेमाल करते थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को घर से कई परफ्यूम की बोतलें भी मिली हैं.

पूछताछ में उदय भानु ने बताया कि प्रियंका को काला पीलिया हो गया था और वह उसका इलाज झाड़-फूंक के जरिए करा रहा था. हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई. इसके बाद वह शव से अलग नहीं होना चाहते थे इसलिए उसे घर में ही रखे रखा.

इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि वर्ष 2013 में उदय भानु की पत्नी शर्मिष्ठा ने भी घर में ही आत्महत्या कर ली थी.

सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने मीडिया को बताया, प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!