निक्की हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पति और सास की गिरफ्तारी के बाद अब….

nikky murder case

पुलिस की गिरफ्त में मृतका निक्की का जेठ रोहित भाटी / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

निक्की हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पति और सास की गिरफ्तारी के बाद अब….

 

ग्रेटर नोएडा | यूपी पुलिस ने निक्की के जेठ रोहित भाटी को गिरफ्तार कर लिया हैं. निक्की की पिछले हफ्ते मौत हो गई थी. उसे दहेज के लिए कथित तौर पर जला के मार दिया गया था. यह मामला यूपी के ग्रेटर नोएडा से सामने आया हैं.

इस मामले में अब तक यह तीसरी गिरफ्तारी है. इससे पहले रविवार को पुलिस ने निक्की के पति विपिन भाटी और उसकी सास दया भाटी को गिरफ्तार किया था.

इस घटना का तब पता चला जब गुरुवार रात को फोर्टिस अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में भर्ती हुई है. फोर्टिस के डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद निक्की के परिजन बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसी बीच, पुलिस ने रविवार को विपिन और दया को गिरफ्तार कर लिया लेकिन रोहित और उसका पिता सतवीर फरार हो गए.

इसके अलावा, रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में विपिन के पैर में भी गोली लग गई. अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सिरसा चौक के पास विपिन ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया. इस दौरान पुलिस ने गोली चला दी जो विपिन के पैर में लगी.

हालांकि, विपिन ने आरोप लगाया है कि निक्की की मौत से उसका और उसके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है. उसने दावा किया कि जब वह और उसके पिता घर पर नहीं थे तब निक्की ने खुद को आग लगा ली थी, जबकि निक्की की बहन कंचन ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था. घटना का एक कथित सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

निक्की के बेटे ने अपने पिता और दादी को अपनी मां को पीटते और फिर जिंदा जलाते हुए देखा था. मृतका, जिसकी पहचान निक्की के रूप में हुई है, के परिवार वालों का आरोप है कि उसे जलाने से पहले उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया था.

इस दरिंदगी के गवाह निक्की के बेटे ने कहा, “उन्होंने पहले मम्मी पर कुछ डाला फिर उन्हें थप्पड़ मारे. इसके बाद उन्होंने लाइटर से उन्हें आग लगा दी.” पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उसने सिर हिलाकर पुष्टि की कि उसके पिता ने ही उसकी मां की हत्या की है.

निक्की की बड़ी बहन कंचन ने आरोप लगाया कि निक्की की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह ससुराल वालों की 36 लाख रुपए दहेज की मांग पूरी नहीं कर सकी थी.

इस घटना से जुड़े कुछ विचलित करने वाले वीडियो सामने आए हैं जिनमें निक्की के पति और सास उसे बालों से घसीटते और पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं.

एक और वीडियो में वह गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में जमीन पर बेबस बैठी दिखाई दे रही है. पड़ोसी उसे तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले गए लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!