यूपी में बड़ा सड़क हादसा, हाईवे पर कंटेनर ने ट्रॉली में मारी टक्कर, आठ की मौत, 45 घायल

Bulandshahr accident 8 dead (1)
The Hindi Post

यूपी में बड़ा सड़क हादसा, हाईवे पर कंटेनर ने ट्रॉली में मारी टक्कर, आठ की मौत, 45 घायल…..

 

बुलंदशहर | उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. एक ट्रैक्टर ट्राली में एक टैंकर ने टक्कर मार दी. इस हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि 45 लोगों का इलाज चल रहा है.

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि अलीगढ़ के बॉर्डर एनएच 34 पर एक बड़ा हादसा हुआ है. एक ट्रैक्टर में करीब 60 से 61 लोग राजस्थान जा रहे थे तभी पीछे आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी. इस कारण ट्रैक्टर पलट गया और काफी संख्या में लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां पर आठ लोगों की मृत्यु हो गई है. और 45 लोगों का इलाज चल रहा है. घायलों में तीन की हालात गंभीर हैं. 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया हैं.

उन्होंने बताया कि 10 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है. 23 लोगों का इलाज अन्य अस्पतालों में हो रहा है. मौके से ट्रैक्टर हटा लिया गया है. जिस ट्रक से हादसा हुआ है वो अब पुलिस कस्टडी में है. जरुरी कार्यवाही की जा रही है. प्राथमिकता घायलों का इलाज है. उसके लिए व्यवस्था की गई है.

उधर मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया है. इस हादसे में मृतक के परिजनों को दो-दो लाख, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा हुई है. इसके साथ सभी घायलों के इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी.

मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.

मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे में ट्रॉली सवार सभी श्रद्धालु इधर-उधर जा गिरे थे. हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन, एंबुलेंस और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!