फ्लाइट्स रद्द होने के बाद सरकार हुई सख्त, लिया यह फैसला…..

Indigo 4 ChatGPT Image Dec 5, 2025, 02_40_17 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

फ्लाइट्स रद्द होने के बाद सरकार हुई सख्त, लिया यह फैसला…

 

नई दिल्ली | नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने फ्लाइट्स के किराए की अधिकतम सीमा तय कर दी है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया है. यह जानकारी खुद नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दी है. दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट्स के कैंसिल होने के कारण अन्य एयरलाइन्स ने अचानक किराया बढ़ा दिया. ऐसी शिकायतें मिलने पर निर्णय लिया गया कि अधिकतम किराया तय कर दिया जाए.

नए फैसले के मुताबिक, 500 किलोमीटर तक के लिए अधिकतम किराया 7,500 रुपए, 500–1000 किलोमीटर तक के लिए 12,000 रुपए, 1000–1500 किलोमीटर तक के लिए 15,000 रुपए और 1500 किलोमीटर से अधिक के लिए 18,000 रुपए लिए जा सकेंगे. इसमें यूडीएफ, पीएसएफ और टैक्स शामिल नहीं हैं.

इनका बिजनेस क्लास और उड़ान योजना (आरसीएस–उड़ान) की सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

सरकार ने कहा कि यह आदेश तब तक लागू रहेगा जब तक किरायों में स्थिरता नहीं आ जाती या सरकार आगे समीक्षा नहीं करती. यह सीमा सभी तरह की बुकिंग पर लागू होगी चाहे टिकट एयरलाइन की वेबसाइट से खरीदा गया हो या किसी ऑनलाइन ट्रैवल एजेंट से.

एयरलाइनों को निर्देश है कि सभी किराया श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता सुनिश्चित करें और जहां जरूरत हो, बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त क्षमता जोड़ने पर विचार करें.

एयरलाइंस को यात्रियों को अधिकतम मदद पहुंचाने और संभव हो तो वैकल्पिक उड़ान विकल्प प्रदान करने का निर्देश दिया गया है. केंद्र सरकार के इस आदेश को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है. यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किए गए हैं.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!