गोवा अग्निकांड मामले में बहुत बड़ा अपडेट, पकड़े गए लूथरा ब्रदर्स, अब इस एक्शन की तैयारी….
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपियों – सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है. भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद दोनों भाई पुलिस से बचने के लिए भारत छोड़कर चले गए थे.
आरोपी लूथरा भाई चार देशों के कई शहरों में ‘रोमियो लेन’ रेस्टोरेंट की चेन चलाते हैं. उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में भयानक हादसे के कुछ ही घंटों बाद दोनों फुकेट रवाना हो गए थे.
उन पर गैर इरादतन हत्या का आरोप है. साथ ही लापरवाही का गंभीर आरोप भी लगा है. एनडीटीवी के मुताबिक, भारतीय एजेंसियां औपचारिक रूप से उनके प्रत्यर्पण का अनुरोध करेंगी ताकि उन पर गोवा में मुकदमा चलाया जा सके.
अधिकारियों ने बताया कि गौरव और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए गए है. विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, केंद्र सरकार या उसके द्वारा नियुक्त कोई अधिकारी पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 10A के तहत पासपोर्ट निलंबित करने का अधिकार रखता है. (संबंधित प्रावधान संलग्न परिशिष्ट में शामिल है.)
पासपोर्ट निलंबित होने के बाद संबंधित व्यक्ति उस पासपोर्ट का उपयोग करके देश से बाहर यात्रा नहीं कर सकता.
अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक मामलों में अक्सर पासपोर्ट होल्ड पर रखे जाते हैं और उन्हें बहाल करने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं या शर्तों का पालन करना आवश्यक होता है. सूत्रों के अनुसार अगला कदम संभवतः पासपोर्ट निरस्तीकरण का होगा.
यह कार्रवाई वर्तमान में थाईलैंड में मौजूद लूथरा बंधुओं को फुकेट से आगे यात्रा करने से रोकती है. अधिकारियों का मानना है कि इससे भारत की लूथरा बंधुओं को डिपोर्ट कराने की संभावना बढ़ जाती है खासकर INTERPOL के सहयोग और राजनयिक माध्यमों से.
जांचकर्ताओं के अनुसार, लूथरा बंधु घटना के तुरंत बाद थाईलैंड रवाना हो गए थे. इस अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी.
