बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को जूते से पीटा गया, पहनाई गई जूतों की माला, किया गया अपमानित, किसने किया ये सब, VIDEO

bangladesh chief election commissioner beaten (1)

बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ की गई मारपीट (फोटो: सोशल मीडिया)

The Hindi Post

बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नूरुल हुदा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. भीड़ ने उनके साथ मारपीट की, उनके गले में जूतों का हार डाला और उनको सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया. यह घटना रविवार देर रात बांग्लादेश की राजधानी ढाका में घटी.

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें नूरुल हुदा के साथ दुर्व्यवहार होते हुए दिख रहा है. वीडियो में एक शख्स उनके गाल पर जूता मरता नजर आ रहा है. इस दौरान भीड़ नारे लगा रही है.

वीडियो में देखा जा सकता है कि हुदा ने टी-शर्ट और लुंगी पहनी हुई है. उनको वीडियो में डरा और सहमा हुआ देखा जा सकता है.

हुदा जो बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त (2017-22) रह चुके हैं उनको पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वह 77 वर्ष के हैं.

हुदा को अपने कार्यकाल के दौरान चुनावों में हेराफेरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. ढाका महानगर पुलिस के उपायुक्त मोहिदुल इस्लाम ने रविवार को कहा कि हुदा को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) द्वारा पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित 18 अन्य के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है.

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने एक बयान में कहा कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को उत्तरा पुलिस स्टेशन ने 22 जून को गिरफ्तार किया था. भीड़ द्वारा नूरुल हुदा के साथ मारपीट की घटना का पुलिस ने संज्ञान लिया है.

बयान में आगे कहा गया कि सरकार देश के नागरिकों से अपील करती है कि वे कानून अपने हाथ में न लें. बयान में आगे कहा गया कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ मारपीट करने के सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

जब नूरुल हुदा के साथ भीड़ दुर्व्यवहार कर रही थी तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. इसके बाद पुलिस ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया था. हुदा पर हमले से सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया. इसके लिए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!