यूपी: खिलाड़ियों के लिए बना खाना शौचालय में रखा गया, वीडियो हुआ वायरल, खेल अधिकारी सस्पेंड
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) | उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में खिलाड़ियों को शौचालय में रखे हुए खाने को परोसे जाने के मामले में जिला खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना को निलंबित कर दिया गया है.
अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल ने बताया कि अनिमेष सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
राज्य सरकार ने एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्रा को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है.
खिलाड़ियों ने दावा किया कि उन्हें आधा पका खाना परोसा गया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि जगह की कमी के कारण यह खाना शौचालय में रखा गया था.
खिलाड़ी जब अपनी प्रतिभा से मेडल जीत कर लाते हैं तब भाजपाई फ़र्ज़ी प्रचार के द्वारा वाहवाही लूटते हैं मगर जब खिलाड़ियों को सुविधाएं देने के बात आती है तब उन्हें शौचालय में बना खाना खिलाते हैं।@myogiadityanath जी शर्म का पानी आँखों में बचा है या रेगिस्तान की तरह वह भी सूख चुका है! pic.twitter.com/5O1DOVnZjS
— UP Congress (@INCUttarPradesh) September 20, 2022
खेल निदेशालय ने घटना पर जिलाधिकारी से जवाब मांगा है.
तीन दिवसीय सब-जूनियर गर्ल्स कबड्डी कॉम्पिटिशन के पहले दिन 16 सितंबर को खिलाड़ियों को दोपहर के भोजन में आधा पका चावल परोसा गया था. खिलाड़ियों ने अधपके चावल के बारे में शिकायत की, तो रसोइए ने चावल की प्लेट उठाकर शौचालय के अंदर रख दी थी.
शौचालय के अंदर फर्श पर कागज बिछाकर पूड़ी रखी हुई थी. कई खिलाड़ियों ने यह पूड़ी खाने से इनकार कर दिया था और लंच में सिर्फ सलाद खाया था.
आईएएनएस
