स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलटी, पांच बच्चों की मौत, कई घायल
चंडीगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में बड़ा हादसा हुआ है. दरअसल, यहां गुरुवार को एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दर्दनाक घटना में पांच बच्चों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.
हादसे के वक्त बस में कुल 35 से 40 बच्चे सवार थे. पुलिस ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है.
एक अधिकारी ने कहा, प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार है. बस में क्षमता से अधिक बच्चे थे.
जानकारी में आया है कि ईद के मौके पर छुट्टी होने के बावजूद स्कूल खुला है.
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. मौके पर जमा लोगों ने कहा कि दुर्घटना के समय ड्राइवर संभवतः शराब के नशे में था.
दूसरी ओर, पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
