पहले दौड़ाया फिर जमकर मारा, लूट लिया मोबाइल फोन: अमेरिका में भारतीय छात्र पर नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला

Indian student attacked in Chicago (1)
The Hindi Post

हैदराबाद | अमेरिका में एक भारतीय छात्र पर हमला हुआ है. उन्हें इस हमले में चार हथियारबंद चोरों ने घायल कर दिया है. यह छात्र हैदराबाद का रहने वाला है. उसके परिवार के अनुसार, उनके बेटे पर अमेरिका में हमला कर उसे घायल कर दिया गया.

घायल छात्र का नाम सैयद मजाहिर अली है. वह इंडियाना वेस्लीयन यूनिवर्सिटी से सूचना प्रौद्योगिकी में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे है. रविवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) सैयद मजाहिर अली पर हमला बोल कर उनको लूट लिया गया. यह घटना अमेरिका के कैंपबेल एवेन्यू में हुई.

हैदराबाद के लांगर हौज इलाके में रहने वाली सैयद मजाहिर अली की पत्‍नी सैयदा रुकिया फातिमा रिजवी ने मंगलवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से उनके (अली) लिए सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने की अपील की.

विदेश मंत्री को लिखे पत्र में सैयदा ने अनुरोध किया कि उन्हें और उनके तीन नाबालिग बच्चों को अमेरिका जाने दिया जाए. उन्होंने कहा कि इसके लिए व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि उन्‍हें उनके पति के दोस्त का फोन आया था कि कैंपबेल एवेन्यू में मजाहिर जब अपने अपार्टमेंट के पास थे तो उन पर हमला कर उन्हें लूट लिया गया. स्‍थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया.

सैयदा ने कहा कि इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने पति से संपर्क किया था पर बात नहीं हो सकी. अली बोल नहीं पा रहे थे. वह सदमे में थे. सैयदा ने अपने पत्र में आगे लिखा कि वह अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

इस घटना का एक फुटेज भी सामने आया है जिसमें नजर आ रहा है कि तीन नकाबपोश लोग अली का पीछा कर रहे हैं. एक अन्य वीडियो क्लिप में खून से लथपथ अली घटना के बारे में बताते हुए दिख रहे है.

अली ने कहा कि वह खाने का पैकेट लेकर घर लौट रहे थे तभी चार लोगों ने उनका पीछा किया और उन पर हमला कर दिया. उन्होंने मदद की गुहार लगाते हुए कहा, “पहले उन्होंने मुझे मुक्का मारा, फिर लात मारी. इसके बाद उन्होंने मेरा मोबाइल फोन छीन लिया.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!