CM केजरीवाल को झटका, कोर्ट ने 17 फरवरी को पेश होने को कहा, यह है मामला
नई दिल्ली | दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल को 17 फरवरी को पेश होने के लिए समन जारी किया. दिल्ली के मुख्यमंत्री को ED द्वारा उनके खिलाफ अनुपालन न करने की शिकायत पर तलब किया गया है.
ED ने AAP नेता पर शराब घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भेजे गए समन का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है.
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट दिव्या मल्होत्रा ने कहा कि उन्होंने शिकायत पर संज्ञान लिया है, “…उन्हें (अरविन्द केजरीवाल) 17 फरवरी को पेश होने के लिए समन जारी किया जा रहा है.”
इससे पहले न्यायाधीश ने ED की शिकायत पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था. ED ने कहा था कि उसने मामले में दलीलें पूरी कर ली हैं.
ED ने 31 जनवरी को केजरीवाल को नया समन जारी किया और उन्हें 2 फरवरी को पेश होने के लिए कहा था. यह AAP संयोजक को जारी किया गया पांचवां समन था.
3 फरवरी को, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी), एसवी राजू ने अदालत के समक्ष ED की ओर से दलीलें दीं थी.
ED ने 13 जनवरी को केजरीवाल को चौथा समन जारी किया था और उन्हें 18 जनवरी को पेश होने को कहा था.
आईएएनएस
