महिला प्रोफेसर ने अपने छात्र से क्लास में की “शादी”, भरवा ली अपनी मांग, वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल

Woman professor marries male student in class (1) (1)
The Hindi Post

पश्चिम बंगाल के एक सरकारी विश्वविद्यालय में एक महिला प्रोफेसर ने अपने स्टूडेंट से क्लास में ही “शादी” रचा ली. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है.

यह मामला नादिया जिले के हरिंगहाटा में मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MAKAUT) के मनोविज्ञान विभाग का है.

वीडियो में महिला प्रोफेसर बनारसी साड़ी पहने दुल्हन की तरह तैयार नजर आ रही है. साथ में उसकी क्लास का एक फर्स्ट ईयर स्टूडेंट भी दिख रहा है. स्टूडेंट को प्रोफेसर की मांग में सिंदूर भरते और जयमाल की रस्म निभाते देखा जा सकता है.

बुधवार को विश्वविद्यालय की ओर से इस घटना की जांच के आदेश दिए गए. अधिकारियों ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है और प्रोफेसर से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.

उन्होंने बताया कि प्रोफेसर ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को बताया कि यह एक ‘साइको-ड्रामा’ था, जो उनके विषय की पढ़ाई का हिस्सा था और इसमें कुछ भी वास्तविक नहीं है.

इंडिया टुडे से बातचीत में महिला प्रोफेसर ने कहा कि यह फेशर्स पार्टी से जुड़े हुए प्रोजेक्ट की योजना का हिस्सा था. उन्होंने कहा कि वीडियो को जानबूझकर उनकी छवि खराब करने के लिए लीक किया गया. साथ ही उन्होंने कहा है कि वह इस लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकती है.

MAKAUT के कार्यवाहक कुलपति तापस चक्रवर्ती ने बताया है कि इस मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है जिसमें अन्य विभागों की तीन महिला संकाय सदस्य शामिल हैं. जांच पूरी होने तक फिलहाल प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया गया है.

कार्यवाहक कुलपति ने यह भी कहा कि प्रोफेसर ने स्पष्ट किया है कि यह उनके विषय की पढ़ाई का एक हिस्सा था. वीडियो बाहरी प्रसार के लिए नहीं था.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!