बाथरूम में धकेला और……, जेठ के इलाज के लिए पहुंची महिला से मेडिकल कॉलेज में स्वीपर ने किया दुष्कर्म
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
बाथरूम में धकेला और……, जेठ के इलाज के लिए पहुंची महिला से मेडिकल कॉलेज में स्वीपर ने किया दुष्कर्म
यूपी के शाहजहांपुर स्थित मेडिकल कॉलज में महिला तीमारदार के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. महिला के आरोप पर पुलिस ने आरोपी स्वीपर को मौके से गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कांट थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने जेठ को पेशाब रुकने की समस्या पर मेडिकल कॉलेज के मेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया था. रविवार शाम को उसका पति सामान लाने घर चला गया. इसके बाद शाम में उसने खुद भी अजीजगंज जाकर थोड़ी शराब पी ली. इससे उसकी भी हालत खराब हो गई और उसे भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया.
सोमवार सुबह करीब सात बजे कांट क्षेत्र के गांव गढ़ीपुरी निवासी 27 वर्षीय स्वीपर जयशंकर पुत्र आशाराम दिखा. महिला उसे जानती थी. उसने कहा कि अच्छे डॉक्टर से दिखवा दो. इसके बाद वह डॉक्टर से मिलवाने के बहाने उसे दूसरे फ्लोर पर बने एक बाथरूम में ले गया. वहां पहुंचते ही महिला को अंदर धकेलकर जबरदस्ती कुंडी लगा दी. इस दौरान विरोध पर महिला को चोटें भी आईं. हालांकि आरोपी ने महिला को पूरी तरह कब्जे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान महिला ने बताया कि वह चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी. युवक की पकड़ कमजोर हुई तो उसने तत्काल दरवाजा खोला. अस्त-व्यस्त कपड़ों में ही सीधे मेडिकल कॉलेज की पुलिस चौकी पहुंची.
महिला की दशा और आरोप सुनते ही चौकी पुलिस तत्काल वार्ड में पहुंची और आरोपी स्वीपर को दबोच लिया. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया. पीड़िता का मेडिकल कराया. इस घटना से मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ गए हैं. शाहजहांपुर एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया, महिला के आरोपों के बाद तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया गया. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. आरोपी को जेल भेजा जाएगा.
