तिहाड़ जेल के पूर्व डीजी संदीप गोयल को गृह मंत्रालय ने सस्पेंड किया
तिहाड़ जेल (फाइल फोटो | आईएएनएस)
नई दिल्ली | दिल्ली की तिहाड़ जेल के पूर्व डीजी संदीप गोयल को सस्पेंड कर दिया गया है. गृह मंत्रालय ने पिछली रात संदीप गोयल को निलंबित करने का आदेश जारी किया था. गृह मंत्रालय का यह एक्शन महाठग सुकेश चंद्रशेखर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उसने संदीप गोयल पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए थे.
बता दें कि संदीप गोयल का एक महीने पहले जेल डीजी पद से ट्रांसफर कर दिया गया था. दरअसल सुकेश चंद्रशेखर ने पिछले दिनों दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना को एक पत्र लिखकर संदीप गोयल को करोड़ों रुपए की रिश्वत देने का आरोप लगाया था. इस मामले में जांच के लिए एलजी ने एक कमेटी बनाई थी. कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर और भ्रष्टाचार के आरोपों में संदीप गोयल को सस्पेंड किया गया है.
इससे पहले गृह मंत्रालय ने संदीप गोयल के खिलाफ मिल रही शिकायतों के बाद उन्हें तिहाड़ जेल से हटा दिया था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संदीप गोयल को हटाए जाने का कारण – महाठग सुकेश चंद्रशेखर और दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन है. सुकेश ने पिछले महीने संदीप गोयल पर सनसनीखेज आरोप लगाया था जिसमें उसने कहा था कि मंडोली जेल में अपनी सुरक्षा के लिए उसने संदीप गोयल को 12.5 करोड़ रुपए दिए थे.
वहीं मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल में मिल रही सुविधाएं और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद गोयल सवालों के घेरे में थे. जैन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. एक वीडियो में सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल में मालिश करते हुए दिखाई दे रहे थे. इसे भाजपा ने बड़ा मुद्दा बनाया था. फिलहाल पूरे मामले में जांच पूरी होने तक संदीप गोयल निलंबित रहेंगे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
