ED ने मुख्यमंत्री से जमीन घोटाले में पूछताछ शुरू की, आवास पर पहुंची छह अफसरों की टीम

ED team reaches CM Hemant Sorens House (1)

ED टीम पहुंची मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निवास (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

रांची | ED ने रांची के बड़गांई अंचल के जमीन घोटाले को लेकर CM हेमंत सोरेन से पूछताछ शुरू कर दी है. ED के अफसरों की टीम दोपहर करीब एक बजे कांके रोड स्थित CM आवास पहुंची. टीम में छह अफसर हैं. CM आवास के मुख्य गेट पर ED के अधिकारियों से जानकारी ली गई और उनका नाम लिखा गया.

उनका परिचय लेने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गई. ED की पूछताछ को लेकर CM आवास से लेकर ED के एयरपोर्ट रोड स्थित दफ्तर में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. जमीन घोटाले की जांच कर रही ED ने CM सोरेन को 13 जनवरी को आठवीं बार समन भेजकर 16 से 20 जनवरी के बीच हाजिर होने को कहा था. ED ने उन्हें कहा था कि वे दो दिनों के भीतर बयान दर्ज कराने के लिए समय और जगह निश्चित कर सूचित करें.

ED ने सोरेन से कहा था कि अगर 16 से 20 जनवरी के बीच वे एजेंसी के समक्ष हाजिर नहीं होते हैं तो उन्हें खुद उनके पास आना पड़ेगा. ED ने यहां तक कहा था कि ऐसी स्थिति में विधि-व्यवस्था को लेकर चुनौतियां खड़ी हो सकती है. यह आपकी जिम्मेदारी होगी और इसलिए लॉ एंड आर्डर बनाए रखने के लिए आप राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को उचित निर्देश दे दें.

इसके बाद 16 जनवरी को हेमंत सोरेन ने ED को पत्र लिखकर सूचित किया कि एजेंसी उनसे 20 जनवरी की दोपहर कांके रोड स्थित CM हाउस में आकर उनका बयान दर्ज कर ले.

उल्लेखनीय है कि रांची के बड़गाईं अंचल की जमीन से जुड़े सरकारी दस्तावेज में छेड़छाड़ और जालसाजी के मामले की जांच के सिलसिले में ED CM हेमंत सोरेन का बयान दर्ज करेगी. इस मामले में IAS छवि रंजन सहित डेढ़ दर्जन लोगों को ED पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब वह इस प्रकरण में हेमंत सोरेन की भूमिका के बारे में उनसे कई बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है.

इसके लिए उन्हें पहली बार 14 अगस्त 2023 को हाजिर होने के लिए समन भेजा गया था. इसके बाद 24 अगस्त, 9 सितंबर, 23 सितंबर, 4 अक्टूबर, 12 दिसंबर और 30 दिसंबर 2023 से 5 जनवरी 2024 के बीच उपस्थित होने के लिए समन भेजा गया था.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!