ED ने राज कुंद्रा, शिल्पा शेट्टी की 97.79 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की

Shilpa Shetty And Raj Kundra (1)
The Hindi Post

प्रवर्तन निदेशालय यानि ED ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है. दरअसल, ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत शिल्पा और राज की 97.79 करोड़ रुपये की अचल और चल संपत्ति जब्त की है.

कुर्क की गई संपत्तियों में जुहू में एक फ्लैट (जो शिल्पा शेट्टी के नाम पर है), पुणे में एक बंगला और राज कुंद्रा के नाम से कई इक्विटी शेयर शामिल हैं

वित्तीय जांच एजेंसी (ED ) ने वेरिएबल टेक पीटीई लिमिटेड, दिवंगत अमित भारद्वाज, अजय भारद्वाज, विवेक भारद्वाज, सिम्पी भारद्वाज, महेंद्र भारद्वाज और कुछ एजेंटों के खिलाफ महाराष्ट्र और दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई कई FIR के आधार पर जांच शुरू की थी.

इन FIR में कहा गया है कि इन लोगों ने लगभग 6600 करोड़ रुपये के बिटकॉइन 2017 में झूठे वादों के आधार पर निवेशकों से हासिल किए थे. इस दौरान लोगों से 10 फीसदी के रिटर्न का वादा किया गया था. यह एक तरह की पोंजी स्कीम थी. निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की गई थी.

जिन बिटकॉइन को हासिल किया गया था उनका उपयोग बिटकॉइन माइनिंग के लिए किया जाना था और निवेशकों को क्रिप्टो परिसंपत्तियों में भारी रिटर्न मिलना था.

ED ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “लेकिन प्रमोटरों ने निवेशकों को धोखा दिया और गलत तरीके से अर्जित बिटकॉइन को ऑनलाइन वॉलेट में छुपा रहे थे. जांच में यह भी पता चला कि राज कुंद्रा को यूक्रेन में बिटकॉइन माइनिंग फार्म स्थापित करने के लिए गेन बिटकॉइन पोंजी घोटाले के मास्टरमाइंड और प्रमोटर अमित भारद्वाज से 285 बिटकॉइन प्राप्त हुए थे.”

ED ने कहा, “ये बिटकॉइन अमित भारद्वाज द्वारा निवेशकों से एकत्र की गई अपराध की आय से प्राप्त किए गए थे.”

ED ने आगे कहा, “चूंकि डील सफल नहीं हुई इसलिए राज कुंद्रा के पास अभी भी 285 बिटकॉइन हैं, जिनकी कीमत वर्तमान में 150 करोड़ रुपये से अधिक है.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!